Noida News : भाजपा नेता के घर पर हमला, दबंगों ने परिवार को पीटा
भारत
चेतना मंच
21 Jul 2022 07:04 PM
Noida: नोएडा । सर्फाबाद गांव निवासी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता घनश्याम यादव के घर पर दबंगों ने धावा बोलकर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने भाजपा नेता के परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। भाजपा नेता की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री घनश्याम यादव अपने परिवार सहित सर्फाबाद गांव में रहते हैं। उनका आरोप है कि गत 18 जुलाई को गांव के ही बिजेंद्र, कपिल पुत्र भूप सिंह, अन्नू पुत्र सरजीत, बब्बू पुत्र धन्नू व अजय पुत्र कृपाल आदि शराब के नशे में उनके घर के बाहर गाली गलौच कर रहे थे। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो सभी आरोपी जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौच व मारपीट करने लगे। गांव के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घनश्याम यादव का कहना है कि 19 जुलाई की रात्रि को सभी आरोपी एक बार फिर उनके घर में जबरन घुस आए और गाली गलौच करने लगे। गाली गलौच का विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी मां मोहरो देवी, पत्नी पूनम यादव, पुत्र अभिषेक व मनोज व उनके साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। घनश्याम यादव ने बताया कि किसी तरह उन्होंने इस हमले की जानकारी पुलिस को फोन पर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी शरद कांत ने बताया कि भाजपा नेता घनश्याम यादव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला व फायरिंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।