कैंसर पीड़ित महिला के घर पर बोला धावा, मारपीट कर किया घायल
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:04 AM
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेस 2 में एक महिला ने सात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया है।
Noida News in hindi
नोएडा के भंगेल में रहने वाली श्रीमती कपूरी देवी ने थाना फेस 2 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह कैंसर से पीड़ित है और उसका उपचार दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा है। विगत 12 अगस्त की रात को पड़ोस में रहने वाले उमेश कौशिक, श्रीमती निशा, रमाकांत, महिमा, खुशबू, यशिका, राजकुमारी आदि जबरन उसके घर में घुस आए और गालियां देने लगे। गाली गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इस पर उसने फोन कर मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई जहां दोनों पक्षों के बीच फैसला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस चौकी से जब वह घर लौटी तो आरोपी लाठी डंडे व सरियों से लैस होकर उसके घर आ धमके और फिर से गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने उसके बेटे रोहित को रास्ते में रोककर उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान बीच बचाव के लिए आए पड़ोसी को भी आरोपियों ने लोहे की रोड से सिर फाड़ दिया।
मारपीट के दौरान रमाकांत ने उनके गले से सोने की चेन तथा कुंडल खींच लिए इसके अलावा उनके बेटे कि जेब से भी 4500 रुपए निकाल लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मौसेरी दादी को गोली मारने वाला गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी पुलिस ने बीते दिनों अपनी दादी की बहन को गोली मारने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से वारदात में प्रयुक्त एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मूल रूप से ग्राम बुआपुर थाना तिगांव फरीदाबाद हरियाणा निवासी श्रीमती बत्ती देवी 29 अक्टूबर को अपनी बहन के घर डेरिन गांव आई थी।
बत्ती देवी की बहन के पोते प्रीत पुत्र सतपाल ने उन्हें तमंचे से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया था। गंभीर स्थिति में बत्ती देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस संबंध में महिला की बेटी ने मुकदमा दर्ज कराया था। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि टोने टोटके के शक में प्रीत ने अपनी दादी की बहन को गोली मारी थी।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।