
Noida News (चेतना मंच)। शादी के लिए रिश्ता तय होने के बाद लड़की के पिता ने लड़के के टीका, गोद भराई के कार्यक्रम और नौकरी लगवाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए। लेकिन लड़के के परिवार की नियत में खोट निकली और उन्होंने बाद में रिश्ता तोड़ दिया। लड़की के पिता का आरोप है कि उनकी लड़की के साथ लड़के ने शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया। लड़की के पिता ने थाना सूरजपुर में चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के तिलपता करनवास की एक कॉलोनी में रहने वाले सुरेंद्र (काल्पनिक नाम) ने बताया कि नेम सिंह नामक व्यक्ति उनकी लड़की के लिए हरियाणा निवासी सौरभ के रिश्ते का प्रस्ताव लेकर आया था। लड़की को देखने के बाद सौरभ व उसके परिजन शादी करने के लिए राजी हो गये। रिश्ता तय होने पर उसने ढाई लाख रुपये, सोने की चेन, अंगूठी, सौरभ उसके परिजनों को दिए। टीके की रस्म होने के लगभग 5 महीने बाद सौरभ है उसके परिजन गोद भराई के लिए उसके घर आए। इस दौरान सौरभ व उसके परिजनों के आदर सत्कार में करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए।
सुरेंद्र के मुताबिक कुछ दिनों पश्चात सत्यपाल सिंह ने उनसे कहा कि सौरभ की नौकरी के लिए 5 लाख रुपए की जरूरत है। इस पर उन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखकर सत्यपाल सिंह को 5 लाख रुपये दे दिए। कुछ समय बाद सत्यपाल सिंह उर्फ कल्लू तथा उसकी पत्नी ने कहा कि अभी शादी का योग नहीं बन रहा है। इसलिए शादी नहीं हो पाएगी वह अपनी लड़की को कुछ दिनों के लिए उनके घर भेज दें जिससे वह परिवार में घुल मिल जाएगी। कुछ समय बाद सौरभ ने उनकी बेटी को शादी की शॉपिंग करने के बहाने अपने घर बुलाया। इस दौरान सौरभ ने उनकी बेटी के साथ जबरदस्ती संबंध बनाने का प्रयास किया। जिस पर उनकी बेटी ने शोर मचा दिया शोर सुनकर मौके पर पहुंची सौरभ की मां पुष्पा व बहन रजनी पहुंचे लेकिन उन्होंने भी सौरभ का समर्थन किया। इसके बाद उनकी बेटी डरी सहमी वहां से चली आई। इस घटना के बारे में जब उन्होंने सत्यपाल सिंह से बात की तो उन्होंने उन्हें धमकाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
सुरेंद्र का आरोप है कि उसने समाज में बेइज्जती होने की दुहाई देकर शादी करने की बात की तो आरोपियों ने उसे दहेज में 5 लाख रुपये और अधिक दिए जाने की डिमांड रख दी, उसके इनकार करने पर आरोपियों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर सत्यपाल सिंह उर्फ कल्लू सिंह उसकी पत्नी पुष्पा बेटे सौरभ तथा बेटी रजनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।