
Noida News (चेतना मंच) : नोएडा प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे के पास डूब क्षेत्र में आज अरबों रुपये कीमत की जमीन अतिक्रमण से मुक्त करा दी है। नोएडा प्राधिकरण के भूलेख विभाग के ओएसडी प्रसून द्विवेदी ने बताया कि वर्क सर्किल 9 के डूब क्षेत्र में कई भू माफियाओं ने अवैध रूप से फार्म हाउस तथा व्यवसाय निर्माण कर लिया था। आज प्राधिकरण की टीम ने भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सभी फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया तथा और करोड़ों रुपये की जमीन कब्जे से मुक्त कराया। इस अभियान में छह डंपर, तीन जेसीबी के अलावा सैकड़ों कर्मचारी लगाए गए थे।
भूलेख विभाग के ओएसडी प्रसून द्विवेदी ने बताया कि इस अभियान के तहत करीब 32 अवैध फार्म हाउस को ध्वस्त किया गया। कई भू माफियाओं ने डूब क्षेत्र में मंगरौली, छपरौली, सादुल्लापुर, नगला नगली आदि इलाके में अवैध रूप से डूब क्षेत्र में फार्म हाउस बना रखे थे। सभी को कई बार नोटिस भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया।
आज प्राधिकरण ने विशेष अभियान चलाकर डूब क्षेत्र में सभी अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रितु माहेश्वरी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। Noida News