
Noida News : जनपद गौतमबुद्ध नगर में जी-20 की मेजबानी तथा बैठक को लेकर नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण द्वारा सघन तैयारी की जा रही है। सिविल उद्यान, जन स्वास्थ्य, जल एवं सीवर समेत सभी विभाग तूफानी गति से अनुरक्षण व विकास कार्य कर रहे हैं। इसको लेकर सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीईओ रितु माहेश्वरी ने इसके लिए 20 क्यूआरटी वाहन तथा 20 अन्य कूड़ा उठाने वाले वाहनों को हरी झंडी देकर बेड़े में शामिल किया। उन्होंने सभी नागरिकों से भी स्वच्छता में सहयोग की अपील की है। इसके अलावा शहर को संवारने व सुंदरीकरण की दिशा में भी कई प्रयास किए जा रहे हैं। यह कवायद नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में एक साथ चल रही है।
जी-20 की सफलता तथा लोगों में जोश तथा उत्साह भरने के लिए सीईओ ने जी-20 लिखित बैलून भी उड़ाया जो लोगों को जागरूक करेगी।
ग्रेटर नोएडा के प्रमुख जगहों पर जी-20 के लोगो लगाए जा रहे हैं। सीईओ ने उद्यान विभाग को एक्सप्रेसवे समेत सभी प्रमुख मार्गों पर फ्लावर बेड विकसित करने, पार्क व ग्रीन बेल्ट को दुरस्त करने को कहा है। बैठक के दौरान कुछ कंपनियों की तरफ से रोटरी व अन्य प्रमुख स्थलों को संवारने के लिए डिजाइन भी प्रस्तुत की गई।
सीईओ रितु माहेश्वरी ने जनस्वास्थ्य विभाग को ग्रेटर नोएडा के कोने-कोने को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए हैं। सीईओ रितु माहेश्वरी ने कहा है कि वे अब खुद सड़कों पर घूमेंगी, कहीं भी टूट-फूट, अंधेरा या फिर गंदगी दिखी तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।