
Noida News :उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में डिलीवरी ब्वॉय द्वारा एक युवती से रेप की कोशिश और मारपीट किए जाने की घटना के बाद इन सोसायटियों में रहने वाले लोगों ने रात 10 से सुबह 6 बजे तक सोसायटियों में डिलीवरी ब्वॉय की एंट्री पर बैन लगाए जाने की मांग उठाई है।
रविवार को ग्रेटर नोएडा की इको विलेज-1 सोसायटी के नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेंटेनेंस कार्यालय पर जमकर हंगामा किया और महिलाओं की सुरक्षा के मामले पर बिल्डर से जवाब मांगा। इन महिलाओं ने रात 10 से सुबह 6 बजे तक सभी टावरों में डिलीवरी ब्वॉय की एंट्री पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में निवासी जल्द बिल्डर से वार्ता करेंगे।
नागरिकों का कहना है कि सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था बेहद खराब है। डिलीवरी ब्वॉय कभी भी किसी भी समय अंदर आ जाते है। उनके आने और जाने की कोई जानकारी रखने में लापरवाही बरती जाती है। सोसायटी की एप्लीकेशन पर डिलीवरी ब्वॉय की जानकारी अपडेट नहीं की जाती है।
वहीं सोसायटी के सभी फ्लैटों में इंटरकॉम की सुविधा भी नहीं है। कहा है कि किसी भी डिलीवरी ब्वॉय को रात 10 से सुबह 6 बजे के बीच किसी भी टावर में प्रवेश नहीं दिया जाए। अगर कोई सामान मंगवाता है तो टावर के रिसेप्शन पर सामान को रखवाया जाए। निवासियों ने बताया कि जल्द ही सभी निवासी सुपरटेक बिल्डर के साथ भी बैठक करेंगे।