
Noida News (चेतना मंच)। यदि आप बाजार में खरीदारी करने के लिए जा रहे हैं तो जरा अलर्ट रहे। कहीं ऐसा न हो कि आप भी शिकारी के शिकार बन जाएं, दरअसल नोएडा की मार्किट में कुछ ऐसे शातिर सक्रिय हैं, जो खरीदारी करने के लिए बाजार में आने वाले लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं।
सेक्टर-27 स्थित इंदिरा मार्केट में खरीदारी कर रही महिला के पर्स से अज्ञात महिला ने सोने की चेन चोरी कर ली। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सेक्टर-37 निवासी संतोष कुमार अय्यर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 10 जुलाई को उनकी पत्नी, सास और बच्चे कुछ सामान खरीदने के लिए सेक्टर 27 की इंदिरा मार्केट गए थे। वह एक कॉस्मेटिक की दुकान से सामान खरीद रहे थे। इस दौरान एक अज्ञात महिला ने उनकी सास के पर्स में हाथ डालकर सोने की चेन निकाल ली।
चोरी गई चेन करीब 35 ग्राम की थी और उसकी कीमत 117000 के आसपास है। घर वापस लौटने पर उन्हें चोरी की घटना का पता चला। जिसके बाद वह वापस दुकान पर पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात महिला उनकी सास के पर्स में से चेन निकालती हुई दिखाई दी है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना बिसरख क्षेत्र के दुर्गा एनक्लेव पुराना हैबतपुर निवासी रूपम कुमारी ने बताया कि उसके पति जयप्रकाश झा पुणे में नौकरी करते हैं। गत 7 जुलाई की रात्रि को वह अपने मामा के घर न्यू अशोकनगर दिल्ली चली गई थी। 8 जुलाई की सुबह उनके पड़ोसी ने उन्हें फोन कर बताया कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ और दरवाजा खुला है। इसके बाद वह तुरंत अपने घर पहुंची तो उन्हें दरवाजा खुला और घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त मिला। रूपम कुमारी ने बताया कि चोर उनके घर से 30 हजार रूपये, 500 के नोटों से भरी गुल्लक एक सोने की चेन, 4 सोने के मंगलसूत्र 5 जोड़ी झुमके डायमंड रिंग 3 सोने की अंगूठी तीन लॉकेट वाली चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया व अन्य कीमती सामान गायब हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इसके अलावा छलेरा की गली नंबर-1 में रहने वाले आतिश मोइन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 10 जुलाई की सुबह चोरों ने उनकी खिड़की को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर उसके कमरे से मोबाइल फोन लैपटॉप, पर्स, जरूरी दस्तावेज को चोरी कर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर 39 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं थाना 126 क्षेत्र के रायपुर खादर गांव में चोरों ने एक पीजी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीजी में रहने वाले विनीत हरकुट के कमरे से लैपटॉप चोरी हो गया। विनीत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपना लैपटॉप टेबल पर रखकर नहाने के लिए चला गया था। इस दौरान कमरे का दरवाजा खुला हुआ था तो कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसे लैपटॉप गायब मिला। Noida News