
Noida News : नोएडा, ग्रेटर नोएडा व एनसीआर के दूसरे तमाम शहरों में साइबर ठगों द्वारा ठगी का सिलसिला लगातार जारी है। चेतना मंच लगातार पाठकों को जागरुक कर रहा है कि वें साइबर ठगों से सावधान रहे। अभी भी समय है कि आप पूरी तरह से सावधान व सतर्क हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि साइबर ठग आपको ठग ले और आपके पास पश्चाताप के अलावा कुछ भी न बचे।
पिछले 24 घंटों में अकेले ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी की दो घटनाएं हुई हैं। ग्रेटर नोएडा व नोएडा शहर में अमूमन साइबर ठगी का यह सिलसिला प्रतिदिन की कहानी बन चुका है। इसलिए कहते हैं कि समय रहते साइबर ठगों की ठगी के प्रति जानकार बने, सावधान व सतर्क रहें।
ग्रेटर नोएडा में ओएलएक्स (Olx) पर प्रिंटर बेचने का विज्ञापन देना एक युवती को खासा महंगा पड़ गया। प्रिंटर खरीदने के बहाने साइबर ठग ने मोबाइल पर स्कैनर एप भेज कर खाते से 83,893 रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने थाना सूरजपुर में अज्ञात जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ज्योति यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने अपना पुराना प्रिंटर बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन लगाया था। गत 6 जुलाई को अरुण कुमार नामक व्यक्ति ने उससे मोबाइल फोन पर संपर्क कर प्रिंटर खरीदने में रुचि दिखाई। अरुण कुमार ने कहा कि वह प्रिंटर की पेमेंट ऑनलाइन करेगा। विश्वास जताने के लिए उसने उसके पेटीएम पर शुरू में 5 रुपये भेजें। इसके बाद अरुण कुमार ने कुछ तकनीकी कमी बताकर पैसे ट्रांसफर होने में असमर्थता जताई।
अरुण कुमार ने कहा कि वह उसके मोबाइल पर स्केनर भेज रहा है, उसे स्कैन करते ही उसके पेटीएम पर पैसे ट्रांसफर हो जाएंगे। ज्योति यादव के मुताबिक उसने जैसे ही स्केनर को स्कैन किया तो उसके इंडियन बैंक के सेविंग खाते से 83893 रुपये निकल गए। बैंक से मैसेज आने पर जब उसने उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ था। पीड़िता के मुताबिक उसने ऑनलाइन साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के चलते पीड़िता के खाते से निकला गया पैसा होल्ड हो गया है। पुलिस साइबर सेल के मदद से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
Read More - Noida News : दो बच्चों की मां को झुग्गीवाले से हुआ प्यार, प्रेमी संग हुई फरारऑनलाइन फ्रीलांस जॉब के फेर में पड़कर मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक युवक ने साइबर ठगों के हाथों 3 लाख रुपए गंवा दिए। ठगे जाने के बाद पीड़ित ने थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर 16 बी स्थित अजनारा होम सोसायटी में रहने वाले शांतनु कौशिक मर्चेंट नेवी में कार्यरत है। गत 30 जुलाई को उन्होंने फेसबुक ऐड के माध्यम से फ्रीलांस जॉब के लिए एक वेबसाइट पर रजिस्टर किया। इस दौरान उन्हें 6 टास्क दिए गए, जिनकी समाप्ति पर पर उसे कुछ भुगतान करने का आश्वासन दिया गया।
शांतनु मित्तल के मुताबिक जालसाज ने उसे इस दौरान निवेश करने पर बेहतर रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ लिया गया। निवेश के नाम पर उसे झांसे में लेकर 3 लाख रुपए अलग-अलग अकाउंट में जमा करा लिए। निर्धारित अवधि के बाद जब उसे रिटर्न नहीं मिला तो उसने उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। जालसाज ने इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप से भी निकाल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News