
Noida News : अगर आप ऑनलाइन दोस्ती के शौकीन हैं या किसी वैवाहिक वेबसाइट (Matrimonial Websites) के माध्यम से अपने लिए साथी की तलाश कर रहे हैं, तो हो जाइए सावधान। यह खबर आपके लिए ही है। नाइजीरियाई साइबर ठग (Cyber Fraud) आपके ऊपर गिद्ध जैसी पैनी निगाह बनाकर रखे हुए हैं। मौका मिलते ही वे अचानक बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
बता दें कि पिछले कुछ समय से नोएडा-ग्रेटर नोएडा इलाके में नाइजीरियाई साइबर ठगों का गैंग एक बार फिर सक्रिय हो चुका है। यह गैंग हर दिन 2 से 3 लोगों को अपना शिकार बना रहा है। ठगे गए इन लोगों में से कुछ अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं, तो कुछ हाथ मलते रह जाते हैं।
Noida News : अभी दो दिनों के अंदर ही नाइजीरियाई साइबर ठगों ने एक महिला इंजीनियर सहित दो लोगों को 28.47 लाख रुपए का चूना लगाया है। सेक्टर-19 निवासी आईटी इंजीनियर मीनाक्षी डोरा से 22.77 लाख रुपए की ठगी की गई, जबकि धीरज नामक पीड़ित से 5.77 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई।
इस संबंध में साइबर क्राइम थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव का कहना है कि ऐसी घटनाओं में नाइजीरियाई साइबर ठगों का गैंग शामिल है। इस गिरोह के लोग अपने लिए सॉफ्ट टारगेट (Soft Target) की खोज में लगे रहते हैं और मौका मिलते ही अपने शिकार का बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
Noida News : साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स (Cyber Crime Experts) की मानें, तो नाइजीरियाई साइबर ठगों का गैंग ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइटों (Online Matrimonial Websites) पर पैनी निगाह बनाकर रखता है। इन साइटों पर शादी के लिए अपनी प्रोफाइल अपलोड करने वाले इनके सॉफ्ट टारगेट होते हैं।
ये ठग बड़ी ही बारीकी से अपने सॉफ्ट टारगेट की रुचियों, उनके तौर-तरीकों, उनकी नौकरी और उनकी आर्थिक स्थिति का पता लगाते हैं। फिर वे सोशल मीडिया (Social Media) पर आकर्षक फोटो के साथ एक ऐसी प्रोफाइल तैयार बनाते हैं, जो उनके सॉफ्ट टारगेट को आसानी से अपने जाल में फंसा सके।
Noida News : इसके बाद ये शातिर सोशल मीडिया के माध्यम से अपने टारगेट से संपर्क करके दोस्ती का हाथ बढ़ाते हैं। वे बताते हैं कि वे विदेश में किसी अच्छी कंपनी में बड़े अधिकारी हैं या मोटा पैसा कमाने वाले डॉक्टर अथवा इंजीनियर हैं। शिकार को अपने जाल में फंसाने के लिए यह तरीका बहुत कारगर साबित होता है।
साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स के अनुसार पहले चैटिंग, फिर फोन पर बातचीत और इसके बाद कोई गिफ्ट भेजने या मुलाकात करने के बहाने से ये ठग अपने शिकार से पैसों की मांग करते हैं। विदेशी 'प्यार' पाने के झांसे में अक्सर लोग पैसा भेज भी देते हैं, जिसके बाद ये शातिर ठग लापता हो जाते हैं।
Noida News : बता दें कि नाइजीरियाई साइबर ठगों का यह गैंग हर कुछ-कुछ महीनों पर अपनी करामात दिखाने के लिए प्रकट होता है और जब पुलिस-प्रशासन की सख्ती बढ़ती है, तो कुछ महीनों के लिए 'स्लीप मोड' में चला जाता है।
बताया जाता है कि इधर कुछ दिनों से यह गैंग एक बार फिर से सक्रिय हुआ है और हर दिन 2 से 3 लोगों को अपने जाल में फंसा रहा है। नाइजीरियाई साइबर ठगों के इस गैंग से बचने के लिए लोगों को खुद ही अपनी सुरक्षा के लिए तैयार रहना होगा और किसी भी अनजान शख्स के साथ पैसे के लेन-देन से बचना होगा।
CM योगी के साथ PM मोदी भी आ सकते हैं Moto GP 2023 रेस देखने, चल रही हैं तैयारियां
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।