
Noida News (चेतना मंच)। नौकरी दिलाने के नाम पर भोले-भाले बेरोजगारों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक कॉल सेंटर का थाना सेक्टर-63 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर पर छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गिरोह का सरगना पूर्व में भी चंडीगढ़ से इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर ठगी के धंधे में संलिप्त हो गया।
सेंट्रल जोन के डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि गत दिनों सुनील नामक युवक ने थाना सेक्टर-63 में कुछ लोगों द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए ठगने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त की शिकायत दर्ज करने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने सेक्टर-60 में चल रहे एक कॉल सेंटर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान यहां से आलोक, सतीश, उमेश व अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 10 कंप्यूटर सिस्टम, एक लैपटॉप, 8 लैंडलाइन फोन, 6 मोबाइल, एक एटीएम कार्ड, 27 हजार रूपए नगद, फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर व एक आल्टो कार बरामद की।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी आलोक इस पूरे गिरोह का सरगना है और यह अगस्त माह वर्ष 2022 में भी चंडीगढ़ से जेल जा चुका है। जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने नोएडा के सेक्टर-60 में कॉल सेंटर खोल कर बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगना शुरू कर दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह naukri.com से लोगों का डाटा लेकर उनसे संपर्क करते थे और उन्हें बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। रजिस्ट्रेशन फीस जमा कराने के बाद यह लोगों को फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर भेज देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।