सावधान : कहीं ओला बाइक राइडर लेकर भाग न जाए आपका फोन
Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:37 PM
Noida News। ओला बाइक राइडर सवारी को झांसे में लेकर उसका मोबाइल फोन लेकर रफू चक्कर हो गया बाइक राइडर ने सवारी के मोबाइल फोन के जरिए उसके खाते से 33959 रुपए निकाल लिए। पीडि़त ने थाना फेस वन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नया बांस में रहने वाले राकेश रंजन ने बताया कि वह कंपनियों में कन्वेयर बेल्ट की रिपेयरिंग करने का काम करता है 9 नवंबर को फरीदाबाद की एक पार्टी ने उसे अपनी कंपनी में लगी मशीन की कन्वेयर बेल्ट सही करने के लिए बुलाया था। पार्टी ने आने-जाने के लिए उसे ओला बाइक राइडर की सुविधा दी थी। कुछ समय बाद उसके पास विक्की नामक युवक बाइक लेकर पहुंचा। विक्की ने उससे कहा कि वह बुकिंग कैंसिल कर दे तो वह उसे सस्ते में फरीदाबाद ले जाएगा।
विक्की की बातों में आकर उसने बुकिंग कैंसिल कर दी और उसके साथ फरीदाबाद चला गया। काम खत्म होने के बाद जब वह वापस नोएडा लौटा तो पेमेंट करने के लिए मोबाइल से पैसे ट्रांसफर किया। इस दौरान विक्की ने उसका पासवर्ड देख लिया। विक्की ने अपनी पत्नी को फोन करने के बहाने उससे फोन ले लिया और उसे चकमा देकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद उसके खाते से 33959 रुपए निकाल लिए गए। उसने कई बार विक्की के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसने फोन पिक नहीं किया। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी बाइक राइडर की तलाश की जा रही है।
बैग लेकर भागा ऑटो चालक
अगर आप ऑटो या टैक्सी से सफर कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है। ऑटो अथवा टैक्सी में बैठने से पहले उसका नंबर जरूर नोट कर लें नहीं तो आपको बाद में पछताना पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला नोएडा के सेक्टर 39 क्षेत्र प्रकाश में आया है यहां ऑटो चालक एक महिला का बैग लेकर फरार हो गया। बैग में नगदी जेवरात व अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
सेक्टर-45 काशीराम कॉलोनी निवासी नीलम ने थाना सेक्टर-39 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने 19 जनवरी की शाम को अपनी ससुराल बरोला से काशीराम कॉलोनी आने के लिए एक ऑटो लिया था। कुछ देर बाद ऑटो से काशीराम कॉलोनी पहुंच गई। इस दौरान वह ऑटो से अपना समान उतार रही थी। सामान उठते समय उसकी अटैची का हैंडल टूट गया और सामान बिखर गया। वह सडक़ पर बिखरे सामान को समेट रही थी कि इस दौरान चालक ऑटो को लेकर फरार हो गया। ऑटो में उसका एक बैग रखा हुआ था उसने शोर मचाकर ऑटो का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह हाथ नहीं आया।
नीलम के मुताबिक बैग में 6000 रूपये, सोने के कुंडल, मंगलसूत्र, अंगूठी, पीतल की चूडिय़ां व अन्य सामान रखा हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से ऑटो का नंबर तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।