
Noida News (चेतना मंच)। जालसाज ने खुद को भतीजा बताकर एक महिला से 3 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिये। जालसाज ने जब महिला से और रुपये मांगे तो उसे शक हो गया। जिसके बाद महिला ने अपने भाई से बात की तो पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गई है।
सेक्टर-37 निवासी राजहंस भंडारी ने बताया कि गत 29 अप्रैल को कनाडा के एक नंबर से उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उनका भतीजा बताते हुए कहा कि उसके ऊपर पुलिस केस हो गया है और उसका ATM भी सील हो गया है। उस पर कनाडा में 3 लाख 10 हजार रूपये का जुर्माना लगा है। ATM सील होने के कारण वह जुर्माना नहीं भर पा रहा है तथाकथित भतीजे ने महिला को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही पैसे वापस कर देगा और इस बारे में वह उसके पिता को ना बताएं।
महिला का कहना है कि इसके बाद जगमोहन नामक व्यक्ति का फोन आया और उसने भी बताया कि उनके भतीजे पर कनाडा में केस हो गया है और वह बुरी तरह फंस चुका है। जुर्माना अदा नहीं किया तो उसे जेल जाना पड़ेगा। महिला ने बताया कि दोनों जालसाजों की बातों में आकर उसने RTGS के माध्यम से 3 लाख 10 हजार रूपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद शाम के समय व्यक्ति ने फिर फोन कर उनसे 3 लाख 90 हजार रूपये की मांग की। संदेह होने पर उन्होंने अपने बेटे को सारी बातें बताई इसके बाद उन्होंने अपने भाई से फोन पर बात की तो पता चला कि उन्होंने कोई रुपये नहीं मंगाए थे। राजहंस भंडारी ने थाना सेक्टर-39 में अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। Noida News