
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. लोकेश एम. ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण में तैनात एक लेखपाल को भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे होने के कारण सस्पैंड कर दिया है। लेखपाल मनोज सिंघल को लेकर पिछले काफी समय से किसान संगठन प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन कर कार्यवाही की मांग कर रहे थे। जिसके बाद नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने यह एक्शन लिया है।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि दोपहर 1 बजे भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण पर विरोध प्रदर्शन किया और नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री को ज्ञापन दिया। भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारी तीन दिनों से निरंतर नोएडा प्राधिकरण के भ्रष्ट लेखपाल मनोज सिंघल को बर्खास्त करने की मांग को लेकर मोर्चा खोले हुए थे।
गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर चौहान के नेतृत्व में संगठन के नेताओं ने नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री से मुलाकात की और बताया कि भ्रष्ट लेखपाल मनोज सिंघल के खिलाफ कोई कार्यवाही ना होने से किसानों में आक्रोश है। भ्रष्ट लेखपाल मनोज सिंघल को नोएडा प्राधिकरण से हटाया जाए तथा नोएडा प्राधिकरण की तीन सदस्य जांच कमेटी की रिपोर्ट पर अति शीघ्र निर्णय लिया जाए।
आरोपी लेखपाल पर आरोप है कि वह किसानों का शोषण करता है और फर्जी कागजी कार्यवाही का भय दिखाकर किसानों से धन उगाही करता है। नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री ने भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों को बताया की नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम. ने वायरल वीडियो और अन्य सबूत के आधार पर लेखपाल मनोज सिंघल निलंबित कर दिया है।