नोएडा में बड़ा साइबर अटैक, बैंक से उड़ा लिए 16 करोड़ रुपए
Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 06:49 PM
Noida News : नोएडा में बड़ा साइबर अटैक हुआ है। नोएडा के साइबर अटैक की चर्चा देश भर में हो रही है। साइबर ठगों ने नोएडा के एक बैंक के सर्वर को हैक करके 16 करोड़ रूपये लूट लिए। साइबर हमले से बैंक को लूटने की घटना ने सभी बैंकों तथा नोएडा के नागरिकों को चिंता में डाल दिया है। नोएडा के नागरिकों का कहना है कि साइबर अटैक से बैंक भी सुरक्षित नहीं है तो फिर आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा?
नोएडा शहर के सेक्टर-62 में स्थित नैनीताल बैंक की एक शाखा को साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया है। साइबर ठगों ने बैंक के आरटीजीएस चैनल को हैक करने के बाद मैनेजर के लॉग इन पासवर्ड को हैक किया और उसके बाद बैंक से करीब 16 करोड़ रुपए अलग-अलग 89 खातों में ट्रांसफर कर लिए। ठगों ने 16 जून से 20 जून के बीच इस वारदात को अंजाम दिया है। नोएडा के सेक्टर-62 में स्थित नैनीताल बैंक के आईटी मैनेजर सुमित कुमार श्रीवास्तव ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बैंक में जून महीने में बैलेंस शीट का मिलान किया जा रहा था।
Noida News
17 जून को आरबीआई सेटलमेंट आरटीजीएस खाते के नियमित समाधान के दौरान बैलेंस शीट में 3 करोड़ 60 लाख 94 हजार 20 रुपये का अंतर पाया गया। बैंक द्वारा कई दिनों तक बैलेंस शीट का मिलान सही नहीं पाए जाने पर इस ठगी का खुलासा हुआ। छानबीन करने पर पता चला कि साइबर ठगों ने बैंक के सर्वर में घुसपैठ करके हैकिंग की है। मामले को लेकर बैंक के आईटी मैनेजर ने नोएडा के साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी साइबर क्राइम विवेक रंजन राय ने बताया कि बैंक के सर्वर को हैक कर मैनेजर के लॉगिन पासवर्ड को हैक किया गया और 16 करोड़ रुपए निकाल लिए। प्रथम दृष्टया 89 खातों में यह राशि ट्रांसफर किए जाने का पता चला है। इस मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। नोएडा पुलिस कस दावा है कि जल्दी ही मामले का खुलासा करेंगे। Noida News