
Noida News (चेतना मंच)। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 जालसाजों ने 9 लोगों से करीब 80 लाख रुपये हड़प लिए। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने पीड़ितों को पुलिस, एग्रीकल्चर विभाग, हाई कोर्ट, सचिवालय व पासपोर्ट विभाग के फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए। जालसाजों की ठगी के शिकार हुए सैन्य कर्मी ने थाना सेक्टर 113 में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से भरतपुर राजस्थान निवासी चेतराम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सेना में कार्यरत है। उसका परिवार नोएाा के सेक्टर 123 में रह रहा है। उसके भाई लंकेश व अजय पिछले काफी समय से बेरोजगार हैं। वर्ष 2020 में उसके भाइयों का संपर्क बलराम उर्फ हर्ष पुत्र रमेश चंद निवासी अलवर, राजस्थान से हुआ था। बलराम ने उसके दोनों भाइयों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 27 लाख रुपये ले लिए।
इस दौरान बलराम ने कहा कि यदि उनके और भी रिश्तेदार व जानकार सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं तो वह उनकी भी नियुक्ति करा सकता है। बलराम के झांसे में आकर उनके भाइयों ने अपने जानकार से रविंद्र से पांच, विश्राम से छह, हंसराज से नौ, उदयवीर से 13, महेंद्र से 10 तथा एक अन्य व्यक्ति से 8 लाख रुपये दिला दिए। इसके बाद बलराम ने नौकरी लगवाने के नाम पर नोएडा में आर. के. सिंह नामक व्यक्ति को एसएससी विभाग का बड़ा अधिकारी बताते हुए उनकी मुलाकात कराई।
चेतराम ने बताया कि मुलाकात के कुछ दिन बाद पोस्ट व एसएससी विभाग की फर्जी ई मेल आईडी से नियुक्ति पत्र भेजे गए। बलराम व आरके सिंह ने उसे भी इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त कराने का झांसा देकर सेना की नौकरी से इस्तीफा देने को कहा। उन्होंने बताया कि शक के आधार पर उन्होंने जब सभी विभागों से जानकारी ली तो पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी थे। इस दौरान बलराम उर्फ हर्ष व आर.के. सिंह उनसे तथा उनके जानकारों से 80 लाख रुपये हड़प चुके थे। पैसे वापस मांगने पर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल और आरोपियों की तलाश कर रही है। Noida News