
Noida News : भारतीय जनता पार्टी की महिला नेत्री ने अपने ही पार्टी के सांसद रमेश विधूड़ी को तुरंत पार्टी से निकालने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। महिला नेत्री का मानना है कि सांसद रमेश विधूड़ी ने संसद में जो भाषा बोली है वह देश को तोड़ने वाली व भाईचारा को खत्म करने वाली भाषा है।
नोएडा शहर के सेक्टर-12 में रहने वाली भारतीय जनता पार्टी की महिला नेत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा को पत्र लिखे हैं। इन पत्रों को लिखने वाली महिला नेत्री का नाम डा. जीनत अंसारी हैं। वे भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे में उ.प्र. कार्यकारिणी में सदस्य हैं। डा. जीनत अंसारी ने पीएम मोदी व जेपी नड्डा को लिखे पत्र में मांग की है कि भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी को तुरंत पार्टी से निकाला जाए तथा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। पत्रों में साफ कहा गया है कि भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी के संसद में दिए गए बयान से देश का प्रत्येक नागरिक दु:खी हुआ है। ऐसे में यह आवश्यक है कि इस सांसद के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए।
भाजपा की अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कमेटी की सदस्य डा. जीनत अंसारी ने अपने पत्र में साफ कहा है कि भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी ने संसद में अपमानजनक भाषा का प्रयोग करके देश की एकता व अखंडता को खतरे में डाला है। यह पूरी तरह से देश को तोडऩे वाला कार्य है। ऐसे सांसद के विरूद्ध जल्द से जल्द कार्यवाही करना राष्ट्रहित में बेहद आवश्यक है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व पूरी भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास तथा सबका विश्वास के नारे में यकीन करती है। ऐसे में इस सांसद के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करना बेहद जरूरी है।
छलेरा को नरक बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण का “धन्यवाद” !
जहां एक तरफ भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी के विरूद्ध कार्यवाही की लगातार मांग की जा रही है। वहीं भाजपा ने रमेश विधूड़ी को राजस्थान चुनाव की कमान दे दी है। सबको पता है कि राजस्थान में अगले महीने विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। भाजपा ने राजस्थान में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। अलग-अलग सांसदों की अलग-अलग जनपदों में चुनावी डयूटी लगाई गई है। इसी कड़ी में विवादित बयान देने वाले भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी को राजस्थान के टोंक जिला का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राजस्थान का टोंक जिला गुर्जर समाज बाहुल्य जिला माना जाता है। रमेश विधूड़ी भी गुर्जर समाज से तालुक्क रखते हैं। यही कारण है कि टोंक का जिला प्रभारी बनाकर उन्हें राजस्थान में तैनात कर दिया गया है। यह तैनाती मिलते ही रमेश विधूड़ी जयपुर के रास्ते टोंक पहुंच गए तथा उन्होंने चुनावी काम-काज भी संभाल लिया है। इतने विवादित सांसद को चुनावी डयूटी में लगाने को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।