
Noida News / दादरी (रमाकांत पांडेय) दादरी नगर पालिका का चुनाव बेहद रोचक हो गया है। उत्तर प्रदेश भर के वैश्य समाज के साथ ही गौतमबुद्धनगर जिले के सभी लोगों की नजर दादरी नगर पालिका के चुनाव पर टिकी हुई हैं। भाजपा के नेता रहे जगभूषण गर्ग की बगावत के बाद उनके समर्थन में अनेक कार्यकर्ता बागी हो गए हैं। अनुशासित पार्टी मानी जाने वाली भाजपा में बगावत की चिंगारी कहीं भाजपा प्रत्याशी के लिए घातक साबित ना हो इसको लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता बेचैन हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बागी जगभूषण गर्ग के पक्ष में खुलकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वैश्य समाज के अधिकतर भाजपा नेताओं ने इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए ऐलान कर दिया है कि अब किसी कीमत पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि यदि 11 मई तक इसी तरह का माहौल बना रहा तो भाजपा को दादरी नगर पालिका के चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि कुछ भाजपा के वरिष्ठ नेता नाम न छापने की शर्त पर यह दावा कर रहे हैं कि चुनाव से पहले ही बागी जगभूषण गर्ग को ‘पटाकर’ चुनाव मैदान से हटा दिया जाएगा। लेकिन अभी तक ऐसा नहीं लग रहा है। जगभूषण गर्ग पूरी मुस्तैदी के साथ चुनाव मैदान से डटे हुए हैं। बागी होकर चुनाव लड़ रहे जगभूषण गर्ग के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभी तक जिला अध्यक्ष एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्रवाई क्यों नहीं की इस पर भी दादरी में चर्चा तेज हो गई है।
जब इस विषय को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी से बात करने का प्रयास किया गया तो वह उपलब्ध नहीं हो सके। वहीं भाजपा प्रत्याशी गीता पंडित ने भी चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
सोशल मीडिया पर भी जगभूषण गर्ग के समर्थक चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बाकायदा व्हाट्सएप पर ‘चेयरमैन प्रत्याशी जगभूषण गर्ग’ के नाम से ग्रुप बनाकर 1000 से ज्यादा लोगों को जोडक़र जगभूषण गर्ग के लिए चुनाव प्रचार हो रहा है। उधर दादरी के अलावा गौतमबुद्धनगर जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता जगभूषण गर्ग को मनाने में जुटे हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा में बगावत की यह चिंगारी दादरी नगर पालिका चुनाव में भाजपा की चेयरमैन प्रत्याशी गीता पंडित को चुनाव हराने तक फैल सकती है।