
Noida News : नोएडा के किसानों की वर्षों पुरानी मांग के समर्थन में उतरते हुए भाजपा के महानगर अध्यक्ष ने उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर किसानों को आबादी के भूखंड देने के प्रस्ताव को जल्द पास करने की अपील की है।
भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर यह मांग की है। महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने पत्र में लिखा है कि नोएडा प्राधिकरण पिछले 4-5 वर्षों से किसानों के प्रति गलत रवैया अपना रहा है जिस कारणा क्षेत्र में किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन के दौरान जनप्रतिनिधियों, भारतीय किसान यूनियन, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद किसानों से कई अहम समझौते हुए हैं।
महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने पत्र में कहा है कि नोएडा प्राधिकरण की 212वीं बोर्ड बैठक में वर्ष-1997 से अब तक अर्जित भूमि के समक्ष किसानों को 10 फीसदी आबादी भूखंड या फिर भूखंड के समान धनराशि प्रदान किये जाने संबंधी प्रस्ताव को बनाकर शासन को भेजा गया है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में नोएडा महानगर अध्यिक्ष मनोज गुप्ता ने कहा है कि नोएडा प्राधिकरण के पास घोटाला करने में पैसा लेने का समय है परन्तु जिन किसानों की जमीन प्राधिकरण ने ली है उन किसानों को उनके अधिकार की जमीन व पैसा देने के लिए समय नहीं है। मनोज गुप्ता ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि नोएडा के किसानों को 10 फीसदी आबादी भूखंड देने के प्रस्ताव को जल्द पास कराकर किसानों की समस्या का समाधान किया जाए।