
Noida News : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 30 नवंबर 2023, गुरुवार यानि आज नोएडा का भ्रमण करने के लिए आ रहे हैं। वह ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर जहां पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है, वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारी की गई है।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीएम नरेन्द्र मोदी गुरुवार को 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सुबह सवा दस बजे से आयोजित होगा।
इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-68 में बृहस्पतिवार को डिक्सन कंपनी के मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कंपनी की इकाई का उद्घाटन करेंगे। कंपनी के एजीएम ऋतिक जैन का कहना है कि नोएडा के सेक्टर-68 में प्लांट का उद्घाटन 30 नवंबर को होगा। इसके बाद ग्रेटर नोएडा के प्लांट की शुरुआत की जाएगी।