
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। लोकसभा चुनाव का शंखनाद कहे जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासंपर्क अभियान को लेकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। 30 मई से शुरू हुआ यह अभियान 30 जून तक चलेगा। इसी कड़ी में 21 से 30 जून तक यह अभियान सभी मंडलों व बूथों में घर-घर चलाया जाएगा। यह जानकारी भाजपा के महामंत्री उमेश त्यागी ने दी।
श्री त्यागी ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता सभी सेक्टरों व गांवों में घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के सफल 9 वर्षों के दौरान पूरी की गई लोक कल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रहित के कार्यों की जानकारी देंगे तथा इस संबंध में उन्हें पत्रक भी उपलब्ध कराएंगे। उमेश त्यागी ने बताया कि इस अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष युद्घवीर चौहान (Yudhveer Chauhan) को संयोजक एवं जिला मंत्री रवि यादव को सहसंयोजक बनाया है। 21 जून को योग दिवस (Yoga Day) हर बूथ पर मनाया जाएगा। योग दिवस का संयोजक जिला मंत्री एस.पी.चमोली को बनाया गया है। 23 जून को प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन हर बूथ पर सुना जाएगा। जिला महामंत्री गणेश जाटव को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है।
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम 25 जून को हर बूथ पर सुना जाएगा। इस कार्यक्रम का संयोजक सुचित्रा कक्कड़ को बनाया गया है। प्रबुध सम्मेलन का कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष गिरजा सिंह को बनाया गया है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ ले रहे लाभार्थियों का भी सम्मेलन होगा जिसका कार्यक्रम संयोजक जिला मंत्री प्रमोद बहल को बनाया गया है। इन सभी कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की योजनाओं को घर घर ले जाकर जनता को योजनाओं के बारे में अवगत करायेंगे।