
Noida News (चेतना मंच)। कॉलेज में पढ़ने वाली बीएससी की छात्रा के साथ सहपाठी छात्र ने छेड़छाड़ कर अभद्र व्यवहार किया। कॉलेज प्रबंधन से शिकायत करने पर आरोपी छात्र ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्रा ने आरोपी के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा थाना सेक्टर-49 में एक महिला ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ फोन पर गाली गलौज करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नोएडा के सेक्टर-110 स्थित एक कॉलेज में बीएससी एनीमेशन सेकेंड ईयर की छात्रा रश्मि (काल्पनिक नाम) ने पुलिस की शिकायत में बताया कि कॉलेज में डी फार्मा की पढ़ाई करने वाले विशाल ने रास्ते में रोक कर जबरदस्ती उसका हाथ पकड़ लिया। उसने इस बात का विरोध किया तो विशाल ने गाली गलौज करते हुए अपशब्द कहे। छात्रा के मुताबिक उसने इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से थी शिकायत की जानकारी मिलने पर विशाल ने अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इसके अलावा थाना सेक्टर-49 में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पिछले दो दिनों से उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति फोन कर उसे अभद्र गलियां तथा धमकी दे रहा है उसने उक्त नंबर को ब्लॉक कर दिया जिसके बाद वह दूसरे नंबर से गाली गलौज करते हुए धमकी देने लगा।
महिला के मुताबिक आरोपी ने उसके पति को भी जान से मारने की धमकी दी है। महिला ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि उसे जानमाल का खतरा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।