
सार
Noida News : UP के नोएडा शहर से एक बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि नोएडा में सरकारी जमीन पर धडल्ले से अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं। रात दिन हो रही सरकारी जमीन की इस लूट को देखकर आम नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि क्या यूपी वाले बुलडोजर बाबा के बुलडोजर में जंग लग गई है ?
विस्तार
नोएडा के फेस 2 में सलारपुर खादर से लेकर बरौला गांव के पास हनुमान मूर्ति पर बड़े पैमाने पर अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं। नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन को घेर कर दो दर्जन से ज्यादा भू- माफिया कालोनियां काट रहे हैं। आरोप है कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, पुलिस के अधिकारी व जिला प्रशासन के अधिकारी भी इन भू-माफियाओं से मिले हैं। इन अधिकारियों के कारण ही भू-माफियाओं को संरक्षण प्राप्त हो रहा है।
नोएडा के बरौला गांव से लेकर सलारपुर गांव तक फैले हुए बड़े भू-भाग पर इन दिनों अवैध कालोनी काटने का धंधा जोर शोर से चल रहा है। खसरा संख्या 582, 595, 596, 597, 598, 599, 600, 602, 605, 606, 603, 604, 607, 608, 609, 659, 660 पर अवैध कालोनियां काटी जा रही है। बरौला व सलारपुर गांव के नागरिकों का साफ कहना है कि ये तमाम कालोनियां भू-माफिया किस्म के लोग काट रहे हैं। इन भू-माफियाओं को पूरे सरकारी तंत्र का संरक्षण प्राप्त है।
गांव वालों ने बताया कि खसरा नंबर 605 से लेकर 660 तक पर बरौला गांव में ही रहने वाले चर्चित भू-माफिया जयभगवान चौहान द्वारा अवैध कालोनी काटी जा रही है। इस कालोनी काटने वाले भूमाफिया के विरुद्ध नोएडा प्राधिकरण नोएडा के सेक्टर 49 थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सिफारिश भी कर चुका है। आरोप है कि पुलिस नोएडा प्राधिकरण की तहरीर को दबाए हुए बैठी है। गांव वालों ने बताया कि सलारपुर खादर के खसरा संख्या 595, 596, 597, 598, 599, 600 व 602 पर धर्मेंद्र चौहान व अनुज चौहान के भू माफिया कालोनियां काट रहे हैं।
Read Also - Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर की शिक्षिका तृप्ति त्यागी की करतूत दुनियाभर में हुई चर्चितबरौला से लेकर सलारपुर तक अवैध कालोनी काट रहे भूमाफियाओं के विषय में पूछे जाने पर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी ने चेतना मंच को बताया कि भूमाफियाओं के खिलाफ प्राधिकरण अलग अलग स्तर पर कार्यवाही कर रहा है। जैसे ही इन भूमाफियाओं को प्राधिकरण से नोटिस जारी किया जाता है वैसे ही भूमाफिया जिला कचहरी में चले जाते हैं। जिला कचहरी में कुछ सांठगांठ करके वहां से स्टे आर्डर ले आते हैं। उसी स्टे आर्डर की आड़ में रात दिन अतिक्रमण का धंधा चल रहा है। ओएसडी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण का विधि विभाग इस मामले का तोड़ निकालने की कोशिश कर रहा है। जैसे ही कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी सभी अवैध कालोनियों को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया जाएगा।
नोएडा शहर के प्राइम क्षेत्र में रात दिन कट रही कालोनियां चर्चा का विषय बनी हुई है। इन अवैध कालोनियों को कटता हुआ देखकर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर वाले बाबा की छवि खत्म हो गई है ? लोग यह भी कह रहे हैं कि बुलडोजर बाबा के नाम से प्रसिद्ध बाबा योगी आदित्यनाथ के नोएडा वाले बुलडोजर को जंग लग गया है ? एक सवाल यह भी है कि क्या नोएडा में आते आते बुलडोजर बाबा का बुलडोजर खराब हो जाता है या उसका तेल समाप्त हो जाता है ? Noida News