दबंगों ने दो भाईयों पर बरपाया कहर, लोहे की रॉड से किया लहूलुहान
Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 11:38 PM
Noida News नोएडा (चेतना मंच)। दोस्त के साथ मारपीट कर रहे दबंगों को रोकना दो भाइयों को खासा महंगा पड़ा। दबंगों ने दोनों भाइयों के साथ लोहे की रॉड से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपियों में एक भाजपा नेता का भाई बताया जाता है। पीड़ित पक्ष में थाना सेक्टर-24 में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोपियों ने मारपीट के बाद जान से मारने की दी धमकी
ग्राम सर्फाबाद निवासी सत्येंद्र यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई जितेंद्र यादव व स्वतंत्र दीपावली के अवसर पर होशियापुर गांव में रहने वाले अपने दोस्त जसविंदर व जसवीर के यहां मिठाई देने के लिए गए थे। वह होशियापुर गांव के पास पहुंचे। यहां सड़क पर अजय यादव, रिंकू निवासी ग्राम सोरखा, तिलक यादव निवासी होशियारपुर व संजीव निवासी सर्फाबाद उनके दोस्त जसविंदर व जसवीर के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिए। झगड़ा होता देखकर जितेंद्र व सतेंद्र ने बीच बचाव करने का प्रयास किया। इस पर चारों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में जितेंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं और दोनों को लहू लहान करने के बाद चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्वतंत्र यादव ने बताया कि उन्हें जब इस बात की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और अपने दोनों भाइयों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Noida News in hindi
आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तिलक यादव, अजय यादव, रिंकू व संजीव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक आरोपी रिंकू भाजपा नेता का भाई है इस पर पूर्व में भी लड़ाई झगड़ा आदि के कई मामले दर्ज हैं।