
Noida News (चेतना मंच)। गिझोड गांव में पड़ोसी द्वारा गली में गंदा पानी फेकने का विरोध करना एक परिवार को खासा महंगा पड़ा। दबंगों ने लाठी-डंडों से पड़ोसियों की जमकर पिटाई की। मारपीट की इस घटना में कई लोग घायल हो गए।
गिझोड गांव में जिले सिंह चौहान के मकान में किराए पर रहने वाले आकाश चौधरी ने पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले संजय चौहान ने गली में उनके घर के सामने गंदा पानी फेंक दिया। उसने जब गंदा पानी फेंकने के लिए मना किया तो संजय चौहान ने गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर उसके पिता रामकिशोर, मां नीलिमा व चाचा नारायण चौधरी बीच बचाव के लिए आए।
इस दौरान संजय के 2 साथी हाथ में लाठी डंडे लेकर आए और इन लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उसके चाचा नारायण चौधरी को खासी चोट आई। इस कारण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी संजय चौहान व उसके साथी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना ईकोटेक 3 क्षेत्र के हबीबपुर गांव के पास तीन युवकों ने एक व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ग्राम हबीब पुर निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 2 अगस्त की रात्रि को कंपनी एरिया की तरफ से घूम कर अपने घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने उसे तीन अज्ञात युवकों ने रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी।
गाली गलौज का विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौके पर लोगों को इकट्ठा होता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं थाना फेस-2 में नया गांव निवासी दीपक कुमार ने राजू नाम के युवक के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि राजू पूर्व में भी उसके साथ कई बार मारपीट कर चुका है।
Read More - Noida News : नोएडा पुलिस ने किया बड़ा काम, “जिंदगी बड़ी शानदार है, इसे जी कर तो देख”थाना फेस 2 क्षेत्र के पॉकेट 7 में कार हटाने के विवाद में दबंग पड़ोसी ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पॉकेट 7 निवासी अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले जाहिद नामक व्यक्ति ने उनके मकान के सामने अपनी कार खड़ी कर दी। उन्होंने जब जाहिद से कार हटाने को कहा तो वह गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। Noida News