
Noida News: (चेतना मंच)। सेक्टर-62 में करीब 15 दिन पूर्व हुई व्यापारी रचित चौहान उर्फ राहुल की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार, बाइक व नगदी बरामद हुई है। गिरफ्तार बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर कारोबारी रचित की हत्या की थी।
आपको बता दें कि गत 21 अप्रैल की रात्रि को सेक्टर-62 में बाइक सवार बदमाशों ने रचित चौहान उर्फ राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। रचित चौहान देर रात खोड़ा कॉलोनी में अपनी दुकान को बंद कर वापस रजत विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे। व्यापारी की हत्या के बाद से शहर के अन्य व्यापारी में खासा रोष व्याप्त था और उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से मिलकर इस मामले का खुलासा किए जाने की मांग की थी।
शुरुआती जांच में पुलिस के हाथ लगातार खाली रहे इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। इसके बाद पुलिस ने 3 बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश दिल्ली, हापुड़ और बिजनौर के रहने वाले बताए जाते हैं। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल तमंचा बाइक व नगदी बरामद हुई है।