
Noida News : थाना फेस 3 क्षेत्र के मामूरा गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करता था।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि मामूरा गांव में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
पुलिसकर्मियों ने पड़ोसी की मदद से दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटके युवक के शव को नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान शेर सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई। शेर सिंह मामूरा गांव में किराये पर रहता था और एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करता था।
थाना प्रभारी के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है इसलिए आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।