
Noida News : थाना फेस-1 पुलिस ने गत एक जनवरी को सेक्टर 14 ए फ्लाईओवर पर दुर्घटना में हुई जोमैटो के डिलीवरी बॉय की मौत के मामले का खुलासा करते हुए कैब चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त गाड़ी को भी जब्त किया है जिससे दुर्घटना हुई थी।
थाना प्रभारी वीरेशपाल गिरी ने बताया कि एक जनवरी की रात को सेक्टर 14ए के फ्लाईओवर पर जोमैटो के डिलीवरी बॉय कौशल यादव को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद कार चालक कौशल यादव को घसीट कर कई मीटर आगे ले गया था। इसके बाद शव को शनि मंदिर के पास छोडक़र चालक फरार हो गया था। दुर्घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कौशल यादव की मौत हो गई थी। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने सेक्टर 14ए फ्लाईओवर, चिल्ला बॉर्डर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाली तो दुर्घटना के बारे में कई सुराग हाथ लगे।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कैब चालक अमर बहादुर यादव पुत्र रामहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अमर यादव 1 जनवरी को उबर ऐप के माध्यम से बुकिंग लेकर सेक्टर 137 स्थित पारस टियेरा सोसाइटी आया था। सवारी को छोडऩे के पश्चात वह वापस दिल्ली लौट रहा था। सेक्टर 14 ए फ्लाईओवर पर उसकी कार कौशल यादव की बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने से कौशल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई। अमर बहादुर ने बताया कि इसके बाद वह तुरंत चिल्ला बॉर्डर से यू टर्न लेकर वापस महामाया की तरफ भागा। महामाया फ्लाईओवर से वह यू-टर्न लेकर वापस चिल्ला बॉर्डर आया और दिल्ली चला गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला कि दुर्घटना के कुछ देर बाद सेक्टर 74 सुपरटेक केपटाउन निवासी अक्षय चौधरी अपने घर से कनॉट प्लेस दिल्ली जा रहा था। उसे मृतक की मोटरसाइकिल रोड पर दिखी उसने अपनी गाड़ी से उतर कर उक्त बाइक को घटनास्थल से आगे कर दिया और कौशल यादव के मोबाइल को लेकर दिल्ली चला गया। रात्रि में उक्त मोबाइल पर जब कौशल यादव के भाई ने फोन किया तो अक्षय यादव ने फोन रिसीव किया और बताया कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। बाद में अक्षय को पता चला कि एक्सीडेंट में कौशल यादव की मौत हुई है तो उसने भयभीत होकर बिना किसी को बताए मृतक के भाई को उसका फोन लौटा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में अक्षय चौधरी को पुलिस हिरासत में लेकर मोबाइल लेकर दिल्ली जाने तथा मोटरसाइकिल को डिस्प्लेस करने सहित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।