नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-62 में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। मौके से 8 लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि उनका 1 साथी भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए अभियुक्त सेक्टर-62 आइथम टावर से विदेश में कॉल कराने के नाम पर लोगों से गिफ्ट वाउचर का लालच देकर ठगी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से दस हैंड फोन, राउटर, हार्ड डिस्क, 16 टेबलेट, 99 लेटरपैड आदि सामान बरामद किये हैं।
एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सेक्टर 58 के एसएसआई कृष्ण पाल सिंह ने मुखबिर की सूचना पर सेक्टर 62 आइथम टावर की 12वीं मंजिल पर एपी टेक्नोमाई के नाम से यूएसए में फर्जी नाम से फर्जी कॉल कराने वाले एक सेंटर का भांडाफोड़ किया है। यहां गिफ्ट वाउचर का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
पुलिस ने मौके से सुमित त्यागी निवासी खरखोदा, अजय चौहान निवासी बहादुरगढ़ हापुड, विशाल कुमार निवासी निधि कला एटा, राहत अली निवासी हाफिज गंज बरेली, केशव त्यागी निवासी मेरठ ,सुनील वर्मा निवासी पन्ना मध्य प्रदेश ,अशांत लखेरा निवासी उपरोक्त एवं सत्येंद्र लखेरा निवासी उपरोक्त को गिरफ्तार किया। जबकि इनका साथी विनोद लखेरा मौके से फरार हो गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे यूएसए में फर्जी नाम और पते पर कॉल कराकर लोगों के साथ गिफ्ट वाउचर का लालच देकर ठगी कर रहे थे। उन्होंने सैकड़ों लोगों के साथ ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस उनके फरार साथी की भी तलाश कर रही है।