
Noida News : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना जेवर तथा नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार कार ने इको कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इको कार पलट गई। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।
थाना जेवर में धीरज पुत्र टेकचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी मां मुन्नी सब्जी मंडी से सब्जी लेकर घर आ रही थी। जब वह जेवर कस्बे के शरीफ कमानी वाले की दुकान के सामने पहुंची तभी तेज गति से आ रहे कैंटर ने उनको टक्कर मार दी। गंभीर रुप से घायल महिला को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
वहीं दूसरा हादसा नोएडा के थाना सेक्टर 24 क्षेत्र में हुआ। जिला फरुर्खाबाद निवासी विपिन कुमार ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता छोटे लाल निवासी ग्राम वलीपुर गढ़ी जिला फरुर्खाबाद इको कार से दवा लेने के लिए सेक्टर 24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल आए थे। गिझौड रेड लाइट के पास तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी मार में टक्कर मार दी, जिससे उनकी इको कार पलट गई। हादसे में उनके पिता छोटे लाल गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।