
Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज गति में जा रही एक मारुति वैन का टायर फट गया और वह डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जनपद गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि बीती शाम सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो पॉइंट से करीब 37 किलोमीटर आगे मारुति वैन टायर फटने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को वैन से बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
उपचार के दौरान गोविंद पुत्र अमर सिंह निवासी बढ़ा खुर्द इगलास जिला अलीगढ़ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गोविंद अपने तीन अन्य साथियों के साथ एक्सप्रेसवे से नोएडा से वापस अलीगढ़ जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैन की गति काफी तेज थी और अचानक उस का टायर फट गया। तेज गति में टायर फटने की वजह से गोविंद संतुलन खो बैठा और वैन डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे में घायल हुए अन्य लोगों का उपचार चल रहा है।