
Noida News नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी (Ritu Maheshwari) ने निर्देश दिये कि 15 दिनों के अंदर कार वॉशिंग स्टेशन का संचालन शुरू कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियोजन विभाग से वॉशिंग स्टेशन की लोकेशन अनुमोदित कराकर शीघ्र ही संचालन किया जाए। मालूम हो कि एसटीपी प्लांट (STP Plant) से निकले शोधित जल का उपयोग कार वॉशिंग में किया जाएगा।
सीईओ (CEO) ने कहा कि विभिन्न गांवों के समीप स्थित जीवीपी प्वाइंटस पर कूड़ा डालने पर अंकुश लगाने के लिए तथा उन पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे (CCTV Cameras) 30 जून तक लगा दिये जाएं। ताकि कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जा सके। सीईओ रितु माहेश्वरी (Ritu Maheshwari) ने सैक्टर-27 से सैक्टर-61 तक जाने वाले एलीवेटेड रोड के दोनों तरफ दिखाई देने वाले क्षेत्र से अतिक्रमण को हटाने, कूड़ा एवं जंगल की सफाई उच्च प्राथिमकता पर कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि रविवार के दिन सफाई कार्य कराने हेतु पूर्व में निर्देश दिये गये थे। अभी भी संविदाकारों द्वारा रविवार के दिन पर्याप्त लेबर नही लगाई जा रही है। जिन संविदाकारों द्वारा रविवार के दिन सफाई कार्य नही कराया जा रहा है उन संविदाकारों के विरूद्ध भारी पेनल्टी लगाने के निर्देश दिये गये। सीईओ (CEO) ने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटर द्वारा अपने कैम्पस में उत्पन्न होने वाले म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट का निस्तारण अपने कैम्पस में कम्पोस्ट मशीन लगाकर प्रोसेसिंग किये जाने का प्रावधान है। जिन बल्क वेस्ट जनरेटर द्वारा अपने कैम्पस में कम्पोस्ट मशीनें स्थापित नही की गई है उनका सर्वे कराकर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिये गये तथा जिन बल्क वेस्ट जनरेटरों पर पूर्व में पेनल्टी लगाई गई थी उन्हें नोटिस जारी कर उसकी रिकवरी करने तथा उनके आवंटन की पत्रावली के माध्यम से भी रिकवरी नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये ।
जन स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभाष कुमार, विशेष कार्याधिकारी इन्दु प्रकाश सिंह, विशेष कार्याधिकारी अविनाश त्रिपाठी, उप महाप्रबन्धक/ वरि0 परियोजना अभियन्ता (जन स्वास्थ्य) एस0पी0 सिंह, परियोजना अभियन्ता जन स्वास्थ्य प्रथम/ द्वितीय, वरिष्ठ प्रबन्धक कनसल्टेन्ट एवं एन0जी0ओ0 के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।