
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम. ने कहा कि अतिक्रमण उन्मूलन कार्यवाही की हर पखवाड़े समीक्षा की जाए तथा सुनिश्चित करें जहां कार्यवाही की गई है वहां दोबारा अतिक्रमण न हो। बेहतर कार्यवाही करने वाले वर्क सर्किल को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
सीईओ लोकेश एम ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री, प्रभास कुमार, विशेष कर अधिकारी वंदना त्रिपाठी के अलावा प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल विद्युत, जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेक्टर-28 29, 37 में अतिक्रमण संबंधित शिकायतें बहुत मात्रा में मिल रही है। यहां पर ड्राइव चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए।
सीईओ ने कहा कि उद्योग मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए सिविल, विद्युत, ट्रैफिक, सीवर आदि पहलुओं को दृष्टिगत रखते हुए कार्रवाई की जाए। योजना पर इस प्रकार कार्य किया जाए कि सेक्टर 14ए से सेक्टर 11 तक मार्ग में कैरेजवे एक लाइन में हो। फुटपाथ पर टाइल्स लगाई जाए और पतली सेंट्रल वर्ज बनाई जाए। यहां पर अत्यधिक स्ट्रीट लाइट लगाई जाए।
प्राधिकरण सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सडक़ मार्ग पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाए। वरिष्ठ प्रबंधक विशेष कर औद्योगिक सेक्टरों में सड़कों के किनारे गाडिय़ां ना खड़ी हो, इसका ध्यान रखें।
नोएडा प्राधिकरण ने वर्क सर्किल-10 के तहत गुलावली में 50 करोड़ की जमीन आक्रमण से मुक्त कराई। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि गुलावली में खसरा संख्या 834 पर कुछ माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था तथा उसे पर अवैध निर्माण बना लिया था। यहां पर 8 भूखंड की जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर निर्माण कर लिया था।
प्राधिकरण की टीम पुलिस दस्ते के साथ भारी संख्या में कर्मचारियों को लेकर सेक्टर-162 में पहुंची तथा अवैध निर्माण तोडऩा शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे उनकी नहीं चली। यहां पर बिल्डरों ने अवैध रूप से प्लाटिंग भी काट रखी थी। नोएडा प्राधिकरण भूलेख विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस बल ने 3 घंटे चली कार्रवाई में 50 करोड रुपए मूल्य की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कर लिया।