
Noida News (चेतना मंच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा वाराणसी में आयुष्मान भारत योजना की 1.6 करोड़ लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड वितरण का शुभारंभ किया गया तथा पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण वितरण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 5442 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 4.51 लाख आवासों का गृहप्रवेश व चाबी वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसी श्रृंखला में डीएम मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में जनपद गौतमबुद्धनगर में भी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया।
दादरी क्षेत्र के विधायक तेजपाल नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी एवं दादरी क्षेत्र की नगर पालिका चेयरमैन गीता पंडित के द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के तहत 20 वेंडरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा 3 लाभार्थियों को ऋण वितरण एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत 16 लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान, डिप्टी कलेक्टर उमेश चंद्र निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील शर्मा तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।