
Noida News : (चेतना मंच)। नोएडा व ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर भले ही नोएडा प्राधिकरण व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर से कोई कार्यवाही नहीं की हो, लेकिन नोएडा की हवा में जहर घोलने का काम कर रहे निर्माण सामग्री सप्लाई करने के प्रयुक्त वाहनों के खिलाफ एआरटीओ की ओर से कार्यवाही की गई है।
सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने त्रिपाल से ढंके बिना रोड़ी, बालू, मिटटी, राख ढोने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया जिसमें 17 वाहनों का चालान कर उन पर पैनॉल्टी लगायी गयी। एआरटीओ (प्रवर्तन) डा. उदित नारायण ने बताया कि उनकी टीम ने परी चौक, नॉलेज पार्क, गौर सिटी, सेक्टर-37 बोटेनिकल गार्डन में ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियाना चलाया।
इस अभियान में 17 ऐसे वाहनों को पकड़ा गया जो ढके बिना मिट्टी, बदरपुर, रोड़ी, राख तथा मौरंम ढो रहे थे। बता दें कि ग्रेप तथा एनजीटी के निर्देश के तहत समूचे एनसीआर में वायु प्रदूषित करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में परिवहन विभाग ने भी ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राधिकरण की अर्जित व कब्जा प्राप्त भूमि पर अवैध खनन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वर्क सर्किल-3 के सहायक प्रबंधक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि ग्राम बिसरख जलालपुर में खसरा संख्या 814 की भूमि प्राधिकरण की अर्जित व कब्जा प्राप्त भूमि है। यहां बिना किसी अनुमति के मिट्टी खनन किया जा रहा है। प्राधिकरण के टीम द्वारा लगातार उक्त स्थल से मिट्टी खनन को रोकने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन देर सवेर यहां से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है जिस कारण प्राधिकरण को आर्थिक क्षति हो रही है और प्राधिकरण की परियोजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि ग्राम बादलपुर निवासी दिनेश नागर पुत्र चरण सिंह द्वारा मिट्टी खनन का कार्य कराया जा रहा है।