
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के एनएसईजेड स्थित एक फैक्ट्री में मंगलवार की रात अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास स्थित फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में फायर सर्विस को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री पिछले करीब 3 साल से बंद पड़ी हुई है।
चीफ फायर ऑफिसर सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि मंगलवार की रात एनएसईजेड में एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। आग की सूचना पर तुरंत मौके के लिए दो दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उक्त कंपनी पिछले 3 साल से बंद पड़ी हुई है। पिछले वर्ष भी इस कंपनी में आग लगने की घटना हुई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी में आग लगने की घटना की जांच की जा रही है। इस हादसे में कंपनी में रखा कुछ सामान जल गया है और कोई जनहानि नहीं हुई है।
नोएडा। जहर खाने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना फेस-3 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि गाजियाबाद निवासी 26 वर्षीय वरुण कुमार पुत्र सत्येंद्र सिंह ने अपने घर में जहर खा लिया था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान वरुण कुमार की मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर गाजियाबाद पुलिस को जानकारी दे दी है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के में एक बंद पड़ी कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे दो चोरों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। इनके पास से तमंचा, कारतूस, चोरी किए गए लोहे के पाइप, गैस वेल्डिंग सिलेंडर अन्य सामान बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी सरिता सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गस्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बंद पड़ी अर्थ कंपनी में दो चोर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो चोरों को दबोच लिया। दोनों गैस वेल्डिंग कटर की मदद से लोहे के पाइप को काट रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अशरफ पुत्र अब्दुल नबी व राशिद पुत्र नवाब निवासी ग्राम एमनाबाद बताया। तलाशी में इनके पास से तमंचा, कारतूस बरामद हुए।
थाना प्रभारी ने बताया कि कंपनी परिसर में ही आरोपियों ने तीन पहिया जुगाड़ ठेला खड़ा किया हुआ था। इसी ठेले में उन्होंने चोरी के पाइपों को भर रखा था। आरोपी ने बताया कि वह बंद पड़ी फैक्ट्री को चिन्हित कर उनमें चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।