
Noida News: सेना में भर्ती कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक फर्जी लेफ्टिनेंट कमांडर को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार किया है आरोपी के पास से सैन्य अधिकारी की वर्दी, टाटा हैरियर कार व अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गत दिनों कुछ लोगों ने थाना सेक्टर-113 पुलिस से शिकायत की थी कि एक व्यक्ति सेना में नौकरी लगाने के नाम पर लोगों के साथ ठगी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-120 में छापा मारकर अतुल माथुर पुत्र कालीचरण मूल निवासी नगला सैंथल कासगंज को हिरासत में लिया। उसके पास से सैन्य अधिकारी की वर्दी, फर्जी परिचय पत्र, फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। पकड़ा गया आरोपी सेक्टर-120 स्थित ज्योडिक अपार्टमेंट सोसायटी में रह रहा था। अतुल माथुर अपने पड़ोसियों को सेना में खुद को बड़ा अधिकारी बताता था। अतुल माथुर ने सैकड़ों लोगों को सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपनी ठगी का शिकार बनाया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
नोएडा। थाना फेस वन पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी की बाइक व एक चाकू बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ब्रिज भूषण दुबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर-8 में एक बाइक सवार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस के मांगने पर बाइक सवार कागजात नहीं दिखा पाया। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि उक्त बाइक चोरी की है और उसने यह बाइक वर्ष 2022 में थाना सेक्टर-20 क्षेत्र से चोरी की थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राजा सिंह पुत्र राजबल्लभ सिंह निवासी सेक्टर 8 बताया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।