
Noida News : उत्तर प्रदेश के हाईटेक सिटी नोएडा में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। नोएडा में साइबर ठगों द्वारा रोजना ही लोगों को किसी न किसी तरह के जाल में फंसाकर लूटा जा रहा है। हालांकि समय समय पर नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा साइबर ठगों के खिलाफ कार्यवाही की जाती है, लेकिन इसके बावजूद साइबर ठग पुलिस से दस कदम आगे चल रहे हैं। ताजा मामले में साइबर ठगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 7 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-12 निवासी एक युवक अरविंद कुमार को सरकारी नौकरी दिलाने की बात कहकर ठगों ने 7.75 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत नोएडा के सेक्टर-24 थाने की पुलिस से की है। शिकायत में अरविंद कुमार ने बताया कि वह लंबे समय से ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रहे थे। पार्ट टाइम नौकरी के लिए भी उन्होंने कई वेबसाइट पर सर्च किया।
करीब एक साल पहले खुद को अरविंद का परिचित बताते हुए एक व्यक्ति ने कॉल की और सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। बीते एक साल में नौकरी लगवाने के एवज में जालसाज ने शिकायतकर्ता से 15 बार में 7.75 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित पर और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाने लगा तो उन्हें ठगी की आशंका हुई। जानकारी करने पता चला कि कॉल करने वाला उनका परिचित नहीं था और न ही वह किसी सरकारी विभाग में कार्यरत है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। Noida News