
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में बन रहे फ्लैटों की खरीद-फरोख्त में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की जा रही है। जलसाजों ने धोखाधड़ी के इस खेल में पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की पत्नी को भी नहीं बख्शा है। जालसाज ने धोखाधड़ी से करोड़ों रुपए के फ्लैट को अपने नाम ट्रांसफर करा लिया।
थाना सेक्टर-126 में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस की पत्नी निवासी सेक्टर-45 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई का जे.पी. कलिस्पो में एक फ्लैट है। उनका भाई विदेश में रहता है इसलिए उसने उक्त फ्लैट की पावर ऑफ अटॉर्नी उनके नाम पर कर रखी है। पीड़िता ने बताया कि सेक्टर-15ए निवासी नासिर आफताब खान की उनसे किसी कॉमन फ्रेंड के जरिए जान पहचान हुई। आफताब ने बताया कि फ्लैट को वह अच्छी कीमत पर बिकवाने में मदद कर सकता है और फ्लैट की ढाई करोड़ रुपए तक कीमत दिला सकता है। फ्लैट का सौदा करने के नाम पर आरोपी नासिर आफताब ने उनके बैंक अकाउंट की डिटेल ले ली और भरोसा दिलाए कि फ्लैट बेचने पर रकम उनके अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाएगी। आरोपी ने जेपी के सीआरएम ऑफिस में भी अच्छी जान पहचान का हवाला दिया और उन्हें सीआरएम ऑफिस लेकर गया और फ्लैट के ओरिजिनल पेपर ले लिए। आरोपी ने कुछ दस्तावेजों पर उनके साइन भी करवा लिए।
नासिर आफताब ने पीडि़ता को बताया की एनओसी मिलते ही खरीदार को फ्लैट ट्रांसफर कर दिया जाएगा। फ्लैट की एनओसी के बारे में जब उन्होंने 14 जून को जेपी के सीआरएम ऑफिस में जाकर पूछताछ की तो वहां के अधिकारी नवनीत सक्सेना ने बताया कि फ्लैट का अलॉटमेंट नासिर आफताब खान के नाम ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आफताब के साथ फ्लैट की बिक्री को लेकर उनका कोई सौदा नहीं हुआ था। धोखाधड़ी का पता लगते ही उन्होंने फ्लैट की आगे की दस्तावेजी कार्रवाई को रुकवा दिया। इस संबंध में उन्होंने नासिर आफताब के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। Noida News