नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा के नेताओं की लखनऊ में लगी क्लास
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:11 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:11 AM
Noida News : नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय नेताओं की लखनऊ में एक बड़ी क्लास लगाई गई। नेताओं की यह क्लास लखनऊ में समाजवादी पार्टी के दफ्तर में लगाई गई। दरअसल सपा के दफ्तर में नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा को मिलाकर बनी गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर सपा की हार की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष-2027 के विधानसभा चुनाव में दादरी तथा जेवर सीट को जीतने की रणनीति पर मंथन भी किया गया।
लखनऊ में तलब किए गए नोएडा के नेता
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय समाजवादी पार्टी के नेताओं को रविवार को लखनऊ में तलब किया गया। लखनऊ में पार्टी के मुख्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताओं के साथ लम्बी बैठक की। इस बैठक में लोकसभा चुनाव-2024 में पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा की गई। सपा की इस समीक्षा बैठक में नेताओं ने एक-दूसरे पर खूब आरोप लगाए। सबसे ज्यादा आरोप सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के खिलाफ लगाए गए। बैठक में नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में गौतमबुद्धनगर सीट पर संगठन के कारण बड़ी हार हुई है। इस बैठक में वर्ष-2027 में होने वाले विधानसभा के चुनाव में नोएडा, दादरी तथा जेवर विधानसभा सीट जीतने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा के सपा नेताओं ने सुझाव दिया कि विधानसभा चुनाव में बार-बार चुनाव हारने वाले नेताओं को पार्टी का टिकट ना दिया जाए। जीत की संभावना वाले नेता पर ही विधानसभा के चुनाव में दांव लगाया जाए। सपा के नेताओं ने कहा कि नोएडा विधानसभा सीट पर किसी शहरी कार्यकर्ता को ही टिकट दिया जाए।
बैठक में डॉ. महेन्द्र नागर को मिला महत्व
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सपा नेताओं की बैठक में सपा के लोकसभा प्रत्याशी डा. महेन्द्र नागर को खूब महत्व दिया गया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डॉ. महेन्द्र नागर को मंच पर अपनी बगल में बैठाया। बैठक में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी को भी सपा मुखिया अखिलेश यादव ने खूब सम्मान दिया। इस बैठक में नोएडा में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक विग, नोएडा के वर्तमान अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी समेत नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी तथा जेवर क्षेत्र में सक्रिय समाजवादी पार्टी के अनेक नेता मौजूद रहे।
बैठक में मौजूद रहे सपा नेता दीपक विग ने बताया कि लखनऊ में हुई पार्टी की समीक्षा बैठक बहुत ही सार्थक रही। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिले के नेताओं में खूब जोश भरा है। Noida News