Noida News : मांगें पूरी होने तक सफाई कर्मियों का अनशन जारी
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:03 AM
Noida : नोएडा । अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण के तीन हजार से अधिक सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं। हड़ताल आज पांचवें दिन भी जारी है। अभी तक भी प्राधिकरण की ओर से कोई वार्ता न होने से नाराज सफाई कर्मियों ने भूखहड़ताल प्रारम्भ कर दी है। और दो महिलाओं समेत पांच पदाधिकारी भूखहड़ताल पर बैठे। सफाई कर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चार दिनों से चल रही उनकी हड़ताल की वजह से शहर के कई हिस्सों से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है जिससे गंदगी बढ़ती जा रही है।
नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों की मुख्य मागों में 3 हजार रुपये वेतन बढ़ाना और जोखिम मुआवजा 10 लाख रुपये किया जाना शामिल है। इसको लेकर सोमवार को प्राधिकरण अधिकारियों के साथ कर्मचारी नेताओं की बैठक हुई थी। प्राधिकरण ने अगले टेंडर तक इंतजार करने के लिए कहा। लेकिन कर्मचारी नेता इसके लिए राजी नहीं हुए और हड़ताल का ऐलान कर दिया था। तभी से उनकी यह हड़ताल और प्रदर्शन जारी है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश मंत्री बबलू पार्चा ने कहा कि प्राधिकरण उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। जबकि उनकी भूखहड़ताल भी जारी है।
भूखहड़ताल पर बैठने वालों में उनके साथ ही संगठन की महिला मोर्चा अध्यक्ष बबली देवी के अलावा राधिका, रविश और राधे पार्चा शामिल हैं। सफाई कर्मियों की हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। कई सेक्टरों में चार दिनों से झाड़ू नहीं लग पाई है। न ही नालियों की सफाई हुई है। कुछ लोग जो सड़क किनारे कूड़ा डालते हैं वह भी नहीं उठ पाया है। व्यवस्था को संभालने के लिए प्राधिकरण ने मैकेनिकल स्वीपिंग के साथ अन्य व्यवस्थाओं के तहत रखे गए व परमानेंट कर्मचारी लगाए हुए हैं। लेकिन शहर के क्षेत्रफल के हिसाब से यह संख्या बल बहुत ही कम है। इसलिए जगह-जगह सड़क किनारे कूड़े के ढेर दिखने लगे हैं। एजेंसी कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कहा था कि एजेंसियों की जिम्मेदारी सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने की है।