
Noida News : नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह द्वारा नोएडा की सड़कों पर स्टंट करने और रील बनाने वाले लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है, इस तरह के लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्यवाही भी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामले में पुलिस को चकमा देने के लिए पांच युवकों ने पहले स्कूटी की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा और फिर बाद में जमकर हुडदंग मचाया। पुलिस को इन पांचों युवकों की तलााश है।
मामला सोमवार की रात का है। नोएडा के सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास मुख्य सड़क पर एक स्कूटी पर सवार पांच युवकों ने रील बनाने के लिए जमकर हुड़दंग मचाया और स्टंट किया। इससे पहले पांचों युवकों ने स्कूटी की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांध दिया, ताकि पुलिस को चकमा दिया सके। लेकिन उन्हें मालूम नहीं था कि एक कार सवार उनकी इस हरकत को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर रहा है। कार सवार व्यक्ति ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रात को एक स्कूटी पर सवार पांच युवकों ने रील बनाते हुए तेज रफ्तार से स्कूटी दौड़ाते हुए कई वाहनों को ओवरटेक किया। एक कार सवार ने घटना पर सवाल उठाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अपलोड कर दिया। इसके बाद यह तेजी से वायरल हुआ। थाना पुलिस और यातायात पुलिस सेक्टर-62 से सेक्टर-71 के बीच मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी में इस तरह के स्टंट करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव का कहना है कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी की मदद से खतरनाक स्टंट करने वालों की पहचान करने का प्रयास जारी है। जल्द ही यातायात नियम के तहत इन्हें दंडित कराने के साथ एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त किया जाएगा।