
Noida News (चेतना मंच)। अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने तथा कार्य में लापरवाही बरतने पर दो चौकी प्रभारियों पर निलंबन की गाज गिरी है। पुलिस कमिश्नर ने बरौला चौकी प्रभारी तथा सेक्टरी-62 चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला चौकी प्रभारी मनोज कुमार तथा थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 चौकी प्रभारी आशुतोष पांडे को निलंबित किया गया है। आपको बता दें कि बरौला चौकी क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने एक बीपीओ कर्मी से बाइक व मोबाइल फोन लूट लिया था पीडि़त ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी बरौला चौकी प्रभारी ने पीडि़त के साथ सहयोग नहीं किया जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची। इसके पश्चात पीड़ित की शिकायत दर्ज की गई। चर्चा है कि लूट के मामले में लापरवाही बरतने पर बरौला चौकी प्रभारी मनोज कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई है।
सेक्टर-62 चौकी प्रभारी आशुतोष पांडे के खिलाफ हुई निलंबन की कार्रवाई को अपराधों पर अंकुश ना लगाए जाने के परिपेक्ष में देखा जा रहा है। चौकी प्रभारी की कई शिकायतें अधिकारियों को मिली थी। पुलिस कमिश्नर द्वारा तत्काल प्रभाव से किए गए दो चौकी प्रभारियों के निलंबन के बाद लापरवाह पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मचा हुआ है। वहीं चर्चा है कि इस कार्रवाई के जरिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साफ संकेत दिए हैं कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। Noida News