
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित चल रहे एक कंपनी के निदेशक को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रुपये हड़प करने के बाद लंदन फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी का आउटलुक भी जारी किया था।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपी श्रवण कुमार चौधरी की सेक्टर-पांच में गुजारा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के नाम से कंपनी है। नोएडा के सेक्टर-19 निवासी सुशील ने फेज-एक थाने में 31 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें सुशील कुमार ने पुलिस को बताया था कि दिल्ली निवासी श्रवण कुमार ने उससे कहा था कि नोएडा के सेक्टर-5 में गुजारा कंस्ट्रक्शन के नाम पर 423 वर्ग गज का कॉमर्शियल कांप्लेक्स है। जिसके बाद सुशील ने कांप्लेक्स का आधा हिस्सा खरीदने के लिए 9.50 करोड़ रुपये में सौदा तय किया। 25 नवंबर-22 को सुशील और श्रवण के बीच इकरारनामा हुआ। बताया जाता है कि जब इरारनामा रजिस्टर कराने की बात आती तो श्रवण कुमार टाल मटोल कर देता था। इस बीच सुशील ने श्रवण के बताए गए खाते में करीब 1.43 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
काफी दिनों तक जब तय सौदे का इकरारनामा रजिस्टर नहीं कराया गया तो सुशील कुमार ने बताई गई संपत्ति की बाबत रजिस्ट्री आफिस से जानकारी हासिल की तो पता चला कि उक्त काम्प्लेक्स नोएडा प्राधिकरण के नाम पर दर्ज है। जब तक गुजारा कंस्ट्रक्शन के नाम पर मुटेशन नहीं होगी, तब तक शिकायतकर्ता के नाम पर रजिस्ट्री नहीं हो सकती। इसके अलावा जब कांप्लेक्स के दुकानदारों से पता किया गया तो सामने आया कि वहां का अधिकांश हिस्सा पहले ही बिक चुका है।
सुशील ने जब पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी श्रवण को दी तो उसने पैसे देने से मना कर दिया और जान से मारने व झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर फेज-एक थाने की पुलिस ने निदेशक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि शिकायत दर्ज होने के बाद निदेशक लंदन भाग गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह व्यापार के सिलसिले में लंदन गया था।