
Noida News : सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के पास गत दिनों बलेनो कार ने उबर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई स्पीच थैरेपिस्ट की हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना का आरोपी चालक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सेक्टर-31 निवासी ममता ऋषि स्पीच थैरेपिस्ट है। गत 7 फरवरी को वह सेक्टरी-62 में एक पेशेंट को स्पीच थेरेपी देने के बाद उबर बाइक से सेक्टर-51 जा रही थी। सेक्टर-51 के मेट्रो स्टेशन के पास तेज गति में आ रही है एक नीले रंग की बलेनो कार ने उबर बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बलेनो कार चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में ममता ऋषि के सिर में गंभीर चोट आई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-113 पुलिस ने घायल ममता ऋषि को एसआरएस अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
ममता ऋषि की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें दिल्ली के बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उनके ब्रेन की सर्जरी की है। ब्रेन की सर्जरी होने के बाद भी ममता ऋषि की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस संबंध में पीडि़ता के चचेरे भाई उज्जवल आहूजा ने थाना सेक्टर-113 में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक को तलाशने का प्रयास कर रही है।