
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स के निर्माण में फिर ब्रेक लग गए हैं। जमीन अधिकरण को लेकर गांव कामबख्शपुर तथा झट्टा के किसानों तथा प्राधिकरण के बीच चल रहा विवाद अभी सुलझा भी नहीं कि अब निर्माण कर रहे ठेकेदार ने भुगतान होने के कारण काम रोक दिया है। जिसके कारण प्राधिकरण के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है।
आपको बता दें कि सेक्टर-151ए में नोएडा प्राधिकरण द्वारा 125 करोड़ की लागत से 128 एकड़ जमीन में इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स का निर्माण किया जा रहा है। इस गोल्फ कोर्स में 18 होल होंगे। इसके तहत 94.369 एकड़ में गोल्फ एरिया, 6.895 एकड़ में क्लब तथा पार्किंग, 7.910 एकड़ में ड्राइविंग रेंज एरिया, 4.702 एकड़ में एनटी लाइन एरिया, 9.289 एकड़ में हैलीपोट तथा 4.614 एकड़ में हैलीपोट एप्रोच रोड एरिया का विकास किया जाना है। मार्च 2024 तक इसका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण अब तक इस परियोजना पर 52 करोड रुपये खर्च कर चुका है। निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार का 9 करोड रुपये का बिल का भुगतान न होने के कारण ठेकेदार ने आधार में ही निर्माण कार्य छोड़ दिया है। उधर किसानों द्वारा जमीन न दिए जाने के कारण गोल्फ कोर्स के लिए आवश्यक जमीन की कमी से प्राधिकरण पहले ही जूझ रहा था। अब ठेकेदार ने निर्माण का रोक दिया है। इससे प्राधिकरण के सामने एक नया संकट पैदा हो गया है।
बता दें कि नए गोल्फ कोर्स के लिए नोएडा प्राधिकरण ने क्लब के लिए सदस्यता अभियान चला रखा था। इसके लिए दो श्रेणी तय की गई थी। पहली श्रेणी में 3 लाख रूपये तथा दूसरी श्रेणी में 10 लाख रुपए सदस्य शुल्क तय किया गया था। इसमें कुल 3600 लोगों को सदस्य बनाया जाना था। जिससे प्राधिकरण को 125 करोड रुपए की राशि आने का अनुमान था।
अभी तक सदस्यता के जरिए मात्र 48 करोड रुपये ही प्राधिकरण को हासिल हुए हैं। कामबख्शपुर तथा झट्टा गांव के किसानों तथा प्राधिकरण के बीच जमीन अधिग्रहण को लेकर चल रहे विवाद के चलते गोल्फ कोर्स की सदस्यता भी अब बंद हो गई है। जिससे प्राधिकरण को अपेक्षित राजस्व नहीं मिल पा रहा है। अब आर्थिक तंगी के चलते ठेकेदार ने भी निर्माण कर रोक दिया है।