
Noida News (चेतना मंच)। मोबाइल फोन के विवाद में एक युवक ने फोन रिपेयरिंग करने वाले दुकानदार पर उस्तरे से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी ने दुकानदार के चेहरे और पेट पर उस्तरे से कई वार किए। पीड़ित ने थाना फेस 1 में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
सौरभ राज ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी सेक्टर 5 हरौला में शारदा मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर के नाम से दुकान है। गत 10 जून को उसकी दुकान पर प्रियांशु राजपूत नाम का एक युवक अपना सैमसंग का फोन बेच कर गया था। 13 तारीख को प्रियांशु उसकी दुकान पर आया और अपना फोन वापस मांगने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी।
वाद विवाद के दौरान प्रियांशु राजपूत पास में ही नाई की दुकान पर गया और वहां से उस्तरा लेकर आया और उसके चेहरे व पेट पर वार कर उसे घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो। थाना प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।