नोएडा एयरपोर्ट पर देश का सबसे बड़ा ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर तैयार!
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:57 AM
देश के सबसे आधुनिक हवाई अड्डों में शुमार होने जा रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) अब अपने शुभारंभ की उलटी गिनती में पहुंच चुका है। 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। नोएडा एयरपोर्ट की ज्यादातर सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं और कुछ अंतिम रूप देने के चरण में हैं। नोएडा एयरपोर्ट की इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात है 20 एकड़ में बना विशाल ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर, जो यात्रियों के लिए मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा। नोएडा एयरपोर्ट पर यहां कार, बस, मेट्रो और नमो भारत ट्रेन सभी का इंटीग्रेशन होगा। Noida News :
20 एकड़ में बना देश का सबसे बड़ा जीटीसी
नोएडा एयरपोर्ट परिसर में दो टर्मिनलों के बीच लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर विकसित किया गया है। इसे तीन चरणों में तैयार किया जाएगा, जिसमें पहले चरण का काम 80% से अधिक पूरा हो चुका है। यहां एक साथ 1200 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए फास्ट चार्जिंग पॉइंट्स भी स्थापित किए जा रहे हैं।
यात्रियों को मिलेगा सहज ट्रांजिट अनुभव
जीटीसी को इस तरह डिजाइन किया गया है कि एयरपोर्ट टर्मिनल से पैदल दूरी पर ही बस, टैक्सी और मेट्रो कनेक्शन उपलब्ध हो। यह यात्रियों को ट्रैफिक झंझट से मुक्त और निर्बाध यात्रा का अनुभव देगा। एयरपोर्ट संचालक कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई एजेंसियों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के साथ करार किए हैं।
पहले दिन से शुरू होंगी इंटर-स्टेट बस सेवाएं
एयरपोर्ट के शुभारंभ के साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा रोडवेज की बसें यहां से सीधे प्रमुख शहरों तक संचालित होंगी।
यात्रियों को सीधे देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़, हिसार, नारनौल, पानीपत और अंबाला जैसे शहरों तक सीधा कनेक्शन मिलेगा। साथ ही, उबर, रैपिडो और महिंद्रा के साथ भी टैक्सी सेवाओं के लिए साझेदारी की गई है।
लंदन-फ्रैंकफर्ट मॉडल पर तैयार हो रहा है जीटीसी
नोएडा एयरपोर्ट का यह ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर लंदन के हीथ्रो और जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाया जा रहा है। यहां यात्रियों के लिए अंडरग्राउंड स्टेशन, वाणिज्यिक क्षेत्र, रेस्टोरेंट, लाउंज और कॉनकोर्स एरिया भी होंगे। पूरे जीटीसी को पूरी तरह विकसित करने में लगभग पांच वर्ष का समय लगेगा।
10 प्रमुख कार्य पूरे, अब इंतजार उद्घाटन का
एयरपोर्ट से जुड़ी बिजली, पानी, सड़क और सुरक्षा मंजूरियां पूरी हो चुकी हैं। अब केवल एयरोड्रम लाइसेंस की औपचारिकता शेष है। सरकार ने उद्घाटन के लिए 30 अक्टूबर 2025 की तारीख तय कर दी है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर न सिर्फ यात्रियों के लिए यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि यह भारत के एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर का नया चेहरा भी बनेगा।
यह केंद्र भविष्य में दिल्ली-एनसीआर को जोड़ने वाले सबसे बड़े मल्टी-मोडल हब के रूप में विकसित होगा, जो एयर, रेल और रोड ट्रांसपोर्ट को एकीकृत करेगा। Noida News