
Noida News (चेतना मंच)। दिल्ली-एनसीआर में बंद घरों में लगे ताला चंद मिनटों में कटर से काटकर चोरी करने में माहिर दो बदमाशों को थाना सेक्टर-63 पुलिस पकडऩे में कामयाब हुई है। बदमाश अपने पास लोगों को डराने के लिए तमंचा भी रखते थे।
जनपद में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने अपनी टीम के साथ एफएनजी रोड के करीब से चेकिंग के दौरान सोनू (26 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह निवासी सीतामढ़ी (बिहार) व राहुल उर्फ झांई (27 वर्ष) पुत्र विक्रम चौहान निवासी चोटपुर कालोनी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि दोनों दिल्ली-एनसीआर में ताला बंद घरों में कटर की मदद से ताला काटकर सामान चोरी कर लेते थे। इस दौरान पब्लिक उन्हें पकड़ न ले इसलिए तमंचा रखते थे। बदमाश के पास से 2 तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 10 मोबाइल फोन, एक मशीन का ट्रांसफार्मर, ताला काटने वाला कटर, पॉवर बैक, एलईडी के पार्टस व चोरी किया गया अन्य सामान बरामद हुआ है।
थाना सेक्टर-63 पुलिस ने दिल्ली से चोरी की गई बाइक के साथ एफएनजी रोड अंडरपास से लकी पासवान पुत्र अजय पासवान हाल निवासी चोटपुर कालोनी को गिरफ्तार किया है। लकी चोरी की बाइक पर नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था।