Noida News (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा में साइबर ठग कभी पुलिस अधिकारी कभी बैंककर्मी तो कभी किसी व्यक्ति का परिचित बनाकर लोगों की जेब पर डाका डाल रहे हैं। थोड़ी सी लापरवाही बरतने वाले लोग इन साइबर ठगों के लिए सॉफ्ट टारगेट साबित हो रहे हैं। साइबर ठग ने भूटानी ग्रुप में काम करने वाले एक व्यक्ति को उसका दोस्त बताकर अपने जाल में फंसाया और उससे 148000 रुपए ट्रांसफर करा लिए। ठगों का शिकार बने पीड़ित ने नोएडा के थाना सेक्टर-126 में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के ग्राम होशियारपुर में रहने वाले प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह नोएडा के सेक्टर 127 स्थित भूटानी ग्रुप में कार्यरत है। विगत 30 दिसंबर को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने खुद को उसका दोस्त बताते हुए कहा कि उसका एक जानकार अस्पताल में भर्ती है और उसे पैसों की बहुत जरूरत है। किसी कारण से उसका खाता ऑपरेट नहीं हो रहा है। वह उसके द्वारा बताए गए खाते में पैसे भेज दे तो वह उसके खाते में पैसे ट्रांसफर कर देगा।
प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक उसने झांसे में आकर उक्त व्यक्ति द्वारा बताए गए खाते में कुछ पैसे ट्रांसफर कर दिए। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल फोन पर उक्त व्यक्ति ने खाते में पैसे जमा करने का मैसेज भेजा। इसके बाद उसने कई बार में उसे एक लाख 48000 रूपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। उसने जब अपने खाते की डिटेल चेक की तो उसके खाते में एक भी पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ था। इसके बाद जब उसने उक्त नंबर पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। जानकारी करने पर पता चला कि जिस व्यक्ति ने खुद को उसका दोस्त बताया था वह कोई जालसाज था।
थाना परिवार ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीडि़त द्वारा उपलब्ध कराए गए फोन नंबर व खातों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। इस मामले में साइबर सेल के भी मदद ली जा रही है।