
Noida News : उत्तर प्रदेश की शान कहे जाने वाले नोएडा शहर में कदम कदम पर साइबर ट्रैप फैला हुआ है। यहां पर साइबर क्रिमिनल लोगों को ठगने के लिए नित नए जाल बुन रहे हैं और इस जाल में लोगों को फंसा रहे हैं। लोग फंस भी रहे हैं और अपनी जमा पूंजी गंवा रहे हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं। आनलाइन ट्राजंक्शन के माध्यम से साइबर ठग लोगों को जमकर ठग रहे हैं।
फर्म के लिए ऑनलाइन कागज खरीदना एक व्यवसाई को खासा महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने एडवांस पेमेंट के नाम पर कारोबारी से 41400 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। पीड़ित ने थाना दादरी में अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ब्रह्मपुरी दादरी निवासी डॉ. सचिन शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी के नाम से एक फर्म है। इस फर्म में कार्य के लिए कागजों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कागज खरीदने के लिए सप्लायर एजेंसी श्री श्याम इंटरप्राइजेज जयपुर, राजस्थान से ऑनलाइन संपर्क किया। ऑनलाइन मिले नंबर पर उन्होंने बात की तो उक्त व्यक्ति ने उनके व्हाट्सएप पर टैक्स इनवॉइस भेजी जिसमें कागजों के साइज के अनुसार उनकी कीमत अंकित की गई थी। उनके द्वारा मंगाए जा रहे कागज की कीमत 41400 बताई। कागज की डिलीवरी से पहले ऑनलाइन पेमेंट भेजने को कहा।
एडवांस पेमेंट मिलने के 3 दिन के भीतर कागजों की डिलीवरी कर दी जाएगी। टैक्स इनवॉइस के आधार पर उन्होंने कोटेशन पर अंकित बैंक खाते में 41400 ट्रांसफर कर दिए। कई दिन बीतने के पश्चात जब कागज की डिलीवरी नहीं हुई तो उन्होंने उस नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते व मोबाइल फोन नंबर की डिटेल निकलवा कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मकान किराये पर लेने के बहाने साइबर ठग ने फर्जी सैन्य अधिकारी बन कर पिता पुत्री को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। पीड़िता ने थाना सेक्टर 20 में अज्ञात जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर 30 निवासी एक युवती ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने सोशल साइट पर अपना मकान किराये पर चढ़ाने के लिए विज्ञापन दिया था। गत दिनों उनके पिता के पास एक व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने खुद को सीआईएसएफ कर्मी बताकर मकान किराये पर लेने की बात कही। फर्जी सीआईएसएफ कर्मी ने मकान का एडवांस किराया ऑनलाइन दिए जाने की पेशकश की।
आरोपी ने उनके पिता को यूपीआई से पेमेंट करने की बात कह कर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते उनके पिता के खाते से 50 हजार रूपये निकल गए। इसके पश्चात उसने जब उक्त फर्जी सैन्य कर्मी से बात की तो उसने कहा कि गलती से पैसे उनके खाते में आ गए हैं और वह इन्हें उसके खाते में रिटर्न कर देगा। उक्त व्यक्ति ने पैसे वापस करने के बहाने उन्हें फिर एक लिंक भेजा। इस लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 1,98,804 कट गए। धोखाधड़ी का एहसास होने पर उन्होंने जब उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
साइबर ठग ने निवेश पर बेहतर रिटर्न का लालच देकर एक मीडियाकर्मी को 24 हजार रूपए की चपत लगा दी। पीड़ित ने अज्ञात ठग के खिलाफ थाना सेक्टर 20 में मुकदमा दर्ज कराया है। मूल रूप से शहडोल मध्य प्रदेश निवासी श्याम दत्त चतुर्वेदी सेक्टर 16 स्थित एक मीडिया हाउस में कार्यरत हैं। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 13 मई को एक व्यक्ति ने उन्हें मैसेज कर निवेश करने पर बेहतर रिटर्न का ऑफर दिया। इसके पश्चात उसने उन्हें अपने टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ लिया। शुरुआत में मुनाफे के रूप में उसके खाते में कुछ पैसे ट्रांसफर किए गए। धीरे-धीरे करके साइबर ठग ने उससे 24 हजार रूपये जमा करा लिए। पैसा जमा करने के बाद जब उसे निवेश नहीं मिला तो उसने आरोपी से बात करने की कोशिश की लेकिन उसने फोन पिक नहीं किया। ठगे जाने का एहसास होने पर पीड़ित ने अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
होटल, रेस्त्रां आदि को गुगल पर रेटिंग देने के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। साइबर ठग ने महिला से 3,35,000 रुपये ठग लिए। पीड़िता ने थाना एक्सप्रेसवे में अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जेपी विश टाउन सोसायटी निवासी महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत दिनों उसके पास एक व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया। मैसेज में बताया गया था कि अगर वह गुगल के जरिए होटल, रेस्त्रां व अन्य को रेटिंग देंगी तो घर बैठे पैसे कमा सकती हैं। उक्त जालसाज की बातों में आकर उन्होंने उसके द्वारा भेजे गए टेलीग्राम लिंक ग्रुप को ज्वाइन कर लिया। शुरुआत में उन्हें रेटिंग देने पर बेहतर रिटर्न दिया गया।
इसके पश्चात उक्त व्यक्ति ने उन्हें निवेश पर बेहतर रिटर्न देने का झांसा देकर उसे निवेश के लिए प्रेरित किया। धीरे-धीरे करके साइबर ठगों ने उससे 3,35,000 निवेश करा लिया और उसे कोई रिटर्न नहीं दिया। उसने जब अपना रिटर्न मांगा तो आरोपियों ने उससे और निवेश करने को कहा जिस पर उसने मना कर दिया। इसके बाद साइबर ठग ने उसे अपने टेलीग्राम ग्रुप से भी बाहर निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। Noida News